सांसद रीता जोशी ने संकल्प यात्रा निकाली, आमजन की सुनी समस्याएं Prayagraj News
सांसद रीता जोशी ने लोगों से अपील किया कि उन्हें गांधीजी के बताए हुए सिद्धांतों शांति स्वच्छता अहिंसा एवं सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने यमुनापार इलाके के मेजा विधानसभा क्षेत्र में संकल्प यात्रा की। अखरी शाहपुर से गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत हुई। यहां पर वह जनता की समस्याओं से सांसद अवगत हुईं। उन्होंने अधिकारियों को फोन कर समस्या के निदान के लिए निर्देश दिए।
सांसद बोलीं, सभी गांधीजी के बताए हुए सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें
सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने संकल्प यात्रा के दौरान नेवढिय़ा ग्राम में कहा कि पीएम मोदी सत्ता में आए हैं तो उनका उद्देश्य है सेवा भाव, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासनिक व्यवस्था। उन्होंने सभी मौजूद लोगों से अपील किया कि उन्हें गांधीजी के बताए हुए सिद्धांतों शांति, स्वच्छता, अहिंसा एवं सेवा भाव को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कंवरिया ग्राम की ओर संकल्प यात्रा करते हुए ग्रामीण महिलाएं रीता जोशी से मिलकर भावुक हो गईं। गांव की इतवारी और फूलकली ने कहा कि वह अपने सामने सांसद को पाकर काफी खुश हैैं। पानी की समस्या पर फूलकली को हैैंडपंप देने का आश्वासन दिया। संतोष सिंह के घर पर सांसद का रात्रि विश्राम हुआ।
उत्तर प्रदेश बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रांतीय सहायक महामंत्री का स्वागत
20 और 21 अक्टूबर को आगरा में हुए उत्तर प्रदेश बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के 43 वें अधिवेशन में मदन जी उपाध्याय प्रांतीय सहायक महामंत्री चुने गए। कालका मेल से वापस लौटने पर कई बैंककर्मियों ने इलाहाबाद जंक्शन पर उनका माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर संजय अग्रवाल, संजय कुमार, एसबी राय, एएन पांडेय, एएन शुक्ला, अमरनाथ, एसबी दुबे, रमा खन्ना, संतोष मेहरोत्रा, सुलभ टंडन आदि मौजूद रहे।