सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने प्रयागराज के पहले पिंक टॉयलेट का उद्घाटन
प्रयागराज में पहले पिंक टॉयलेट का उद्घाटन सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने कौंधियारा की ग्राम पंचायत कर्मा में किया। उन्होंने टॉयलेट को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
प्रयागराज, जेएनएन। स्वच्छ भारत अभियान के तहत महिला एवं बाल सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन कौंधियारा की ग्राम पंचायत कर्मा में सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए सार्वजनिक शौचालय जो बनाए गए हैं, इसमें प्रयागराज का पहला पिंक टॉयलेट का उद्घाटन हो रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि शौचालय को स्वच्छ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
सांसद ने कहा-इससे ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
सांसद रीता जोशी ने कहा कि प्रसन्नता की बात है हर एक ग्राम सभा में एक शौचालय बनाने की योजना सरकार की थी। उसी कड़ी में इसका निर्माण कराया गया है। इसमें स्नान गृह भी अलग से हैं। कपड़ा धोने की व्यवस्था के साथ ही प्रतीक्षा क्षेत्र भी बनाया गया है। इस मौके पर यमुनापार जिला अध्यक्ष विभव नाथ भारती, विजय पुर्सवानी, मनु कक्कड़, ग्राम प्रधान बलवीर यादव, अमर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।
महानगर अध्यक्ष किए गए सम्मानित
एडीजी ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल को लॉकडाउन के दौरान लोगों की मदद करने के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संगठन की ओर से सिविल लाइंस में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। यहां पर महानगर अध्यक्ष के पिता वेद प्रकाश गोयल ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर संदीप जैन, टीटू गुप्ता, विपुल मित्तल, नवीन अग्रवाल, अनुपम जैन, संतोष गोयल, शालिनी जैन, शिखा गोयल, सोनाली, यश गोयल आदि थे।
कांग्रेस का दामन थामा
कांग्रेस पार्टी कार्यालय लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में लोजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुशल पांडेय ने अपने करीब 100 साथियों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। उन्होंने आगामी चुनावों में जनता द्वारा कांग्रेस को पूर्ण बहुमत से जिताने का भरोसा जताया।