Coronavirus: सांसद केसरी देवी ने खुद को किया आइसोलेट, राष्ट्रपति की दावत में हुई थीं शामिल
विदेश से लौटीं बालीवुड सिंगर लखनऊ में हुई सीएम की दावत में शामिल हुई थीं। यहां शामिल होने के बाद एक सांसद राष्ट्रपति की दावत में शामिल हुए। उसमें फूलपुर की सांसद केसरी देवी भी थीं।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस से संक्रमित बॉलीवुड सिंगर ने कइयों की मुश्किलें बढ़ा दी है। वह कई पार्टियों में शामिल हुई थीं। ऐसे में अब राष्ट्रपति भी अपनी जांच करा रहे हैं। वहीं राष्ट्रपति की दावत में शामिल हुईं सांसद केसरी देवी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। सांसद शनिवार को प्रयागराज पहुंची। उन्होंने खुद को परिवार से दूर ही रखी है। फिलहाल, कुछ दिन तक अलग कमरे में ही रहेंगी। जनता दर्शन कार्यक्रम के साथ ही उन्होंने सभी कार्यक्रमों को रद कर दिया है।
विदेश से लौटीं बालीवुड सिंगर लखनऊ में सीएम की दावत में शामिल थीं
पिछले दिनों विदेश से लौटीं बालीवुड सिंगर कनिका कपूर लखनऊ में हुई मुख्यमंत्री की दावत में शामिल हुई थीं। उसमें सांसद दुष्यंत कुमार भी थे। लखनऊ की दावत के बाद सांसद दुष्यंत कुमार दो दिन पहले नई दिल्ली में राष्ट्रपति की दावत में शामिल हुए। उस दावत में फूलपुर की सांसद केसरी देवी भी थीं। अब बालीवुड सिंगर के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर उस पार्टी में शामिल मंत्री, नेता दहशत में हैं। सब अपनी-अपनी जांच करवा रहे हैं। सांसद ने बालीवुड सिंगर की खबर सुनी तो खुद को आइसोलेट कर लिया है। वह शुक्रवार को दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना हो गईं और शनिवार को प्रयागराज पहुंचीं। यहां वह जांच भी करवाएंगी। साथ ही किसी से मिलना जुलना बंद कर दिया है। उन्होंने अपना जनता दर्शन सहित कई कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
पाजिटिव मरीजों के लिए बना लेवल-वन का वार्ड
स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में कोरोना वायरस के पाजिटिव मरीजों के लिए लेवल-वन का अलग वार्ड बनाया गया है। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे के निर्देश के बाद अस्पताल में यह वार्ड शुक्रवार को तैयार किया गया है। प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि एसआरएन में तीन लेवल के अलग-अलग कोरोना वार्ड बनाए गए हैं। लेवल वन, जिसमें कोरोना के पाजिटिव मरीज भर्ती किए जाएंगे और उनका इलाज किया जाएगा। इसके अलावा लेवल-टू में संदिग्ध मरीज भर्ती किए जाएंगे और इसके लिए लेवल-थ्री में संदिग्ध पाए जाने वाले ऐसे मरीजों को रखा जाएगा जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके लिए 16 प्राइवेट वार्ड बनाया गया है, यह सभी आइसोलेशन वार्ड है।