बच्चे बिस्किट खा रहे थे तभी बंदरों ने हमला बोला, मां भी जख्मी Prayagraj News
बच्चे अपनी मां के साथ ट्रेन से छिवकी स्टेशन पर उतरकर रेलवे कॉलोनी स्थित अपने घर जा रहे थे। तभी बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। बचाने में बच्चों के साथ मां भी जख्मी हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। नैनी इलाके में छिवकी रेलवे स्टेशन के समीप इन दिनों बंदरों का आतंक अब जानलेवा साबित होने लगा हैै। राह चलते लोगों को काटकर बंदर जख्मी कर रहे हैं। इसी क्रम में छिवकी स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर रेलवे कॉलोनी स्थित अपने घर जा रही एक महिला व उसके दो बच्चों को बंदरों ने काटकर जख्मी कर दिया। हुआ यह था कि बच्चे हाथ में बिस्किट खा रहे थे। यह देख बंदर उन पर झपट पड़े। बच्चों को बचाने में मां भी उनका शिकार बन गई।
ट्रेन से उतरकर पैदल ही मां और बच्चे रेलवे कालोनी में घर जा रहे थे
मध्य प्रदेश के सागर जिला निवासी विनोद कुमार सिंह पुत्र हरि सिंह छिवकी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर रेलवे कॉलोनी स्थित अपने घर जा रहे थे। उनके दो बच्चे सौम्या (8) और अखिल (7) हाथ में बिस्कुट लेकर खाते हुए जा रहे थे। इसी बीच बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया। बच्चों को बचाने पहुंचीं विनोद की पत्नी शोभा सिंह को भी बंदरों ने काटकर जख्मी कर दिया। बच्चों की चीख सुनकर लोग डंडा लेकर दौड़े तो बंदरों का झुंड पेड़ पर चढ़ गया। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बंदरों के आतंक से कॉलोनी के लोग परेशान
इसी क्रम में फाफामऊ की शांतिपुरम कॉलोनी में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। झुंड में पहुंचे बंदर लोगों के छतों पर रखे खाद्य समाग्री को अपना भोजन बनाने के बाद इधर-उधर फेंक दे रहे हैं। बंदरों के डर से बच्चे बाहर खेलने के बजाय घरों में कैद रहने पर विवश हैं। कॉलोनी के मनिलाल विश्वकर्मा, एसपी सिंह, दिनेश उपाध्याय, डॉ. उग्रसेन सिंह आदि ने वन विभाग के अधिकारियों से उत्पाती बंदरों को पकडऩे की मांग की है।