नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म
नगर के राजरूपपुर में रहने वाली एक महिला से नौकरी के नाम पर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोपित ने बेटी से भी छेड़खानी का आरोप लगाया। ब्लाक प्रमुख के गनर पर केस दर्ज हुआ है।
जासं, इलाहाबाद : राजरूपपुर में रहने वाली एक महिला से नौकरी के नाम पर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसकी बेटी से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर धूमनगंज पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख डब्बू यादव के प्राइवेट गनर अमित कुमार यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़िता मूलरूप से मुट्ठीगंज इलाके की रहने वाली है। करीब 10 साल पहले उसके पति की मौत हो गई तो बच्चे अलग रहने लगे। इसके करीब दो साल बाद निरक्षर महिला की मुलाकात सरायइनायत थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी अमित कुमार पुत्र शिव प्रसाद से हुई। आरोप है कि बातचीत होने पर अमित ने उसे चपरासी की नौकरी दिलाने की बात कही और घर आना-जाना शुरू कर दिया। एक दिन उसने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और फिर दुष्कर्म किया। उसने मोबाइल में अश्लील वीडियो भी बना लिया और धमकाया कि किसी से बताने पर बदनाम कर देगा। इसी के बल पर वह दुष्कर्म करता रहा। करीब चार साल पहले महिला ने पुलिस से शिकायत करना चाहा तो अमित ने अलोपशंकरी मंदिर में जाकर झूठी शादी रचा ली। इसके बाद उसे और बेटी को राजरूपपुर में किराए के मकान में लेकर रहने लगा। महिला का यह भी आरोप है कि अमित ने बीते साल उसकी बेटी से गलत हरकत की कोशिश की और विरोध पर उसकी पिटाई की। बेटी का अपहरण करने की भी कोशिश हुई। अमित अपने कई असलहाधारी साथियों को भी घर ले आता था। जिस कारण वह और बेटी डरी हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि अमित ब्लॉक प्रमुख का गनर होने के कारण प्रभाव दिखाकर रिपोर्ट नहीं होने देता था। जब उसने बेटी की मंगनी कर दी तो उसके ससुराल वालों संग एसएसपी से शिकायत की। फिलहाल इंस्पेक्टर धूमनगंज संजय कुमार द्विवेदी का कहना है कि मामला संदिग्ध है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।