शादी का झांसा देकर शिक्षिका से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज Prayagraj News
दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। शिक्षिका का आरोप है कि विनोद यादव ने उससे शादी करने की बात कहते हुए शारीरिक संबंध बनाए। गर्भ ठहरने पर गर्भपात भी करा दिया !
प्रयागराज,जेएनएन : शादी का झांसा देकर एक शिक्षिका से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने विनोद यादव पुत्र शिवनाथ यादव के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। अभियुक्त गाजीपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शेखपुर गांव का रहने वाला है।
मामला छह साल पुराना है। पीडि़ता कर्नलगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है और चित्रकूट जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाती है। पुलिस के मुताबिक, पीडि़ता और आरोपित युवक इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ते थे। दोनों साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते थे। इसी दौरान उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। शिक्षिका का आरोप है कि विनोद यादव ने उससे शादी करने की बात कहते हुए शारीरिक संबंध बनाए। गर्भ ठहरने पर गर्भपात भी करा दिया, लेकिन अब शादी करने से मना कर दिया। आरोपित शहर छोड़कर अपने गांव चला गया। शिक्षिका से आरोपित ने बात भी नहीं करता है।
शादी से इंकार पर दर्ज कराया मुकदमा :
इंस्पेक्टर कर्नलगंज अरुण त्यागी का कहना है कि शिक्षिका और युवक दोनों लिव इन रिलेशन में रहते थे। इसकी जानकारी दोनों के घरवालों को भी थी, पर अब लड़के के परिजनों ने शादी करने से मना कर दिया है। फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर विवेचना की जा रही है। आरोपित की तलाश की जा रही है। उसके पकड में आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। आरोपित की तलाश में एक टीम लगा दी गई है।