माफिया की नहीं मिली बंदूक, मुकदमे की तैयारी
जासं प्रयागराज अहमदाबाद जेल में बंद माफिया अतीक अहमद की दोनाली बंदूक का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है।
जासं, प्रयागराज : अहमदाबाद जेल में बंद माफिया अतीक अहमद की दोनाली बंदूक का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर अब मुकदमे की तैयारी शुरू हो गई है। बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने बाद पुलिस ने नोटिस भी जारी किया था। मगर अतीक की ओर से किसी ने थाने में बंदूक जमा नहीं कराई। इसके बाद अब कानूनी कार्रवाई की कवायद शुरू हुई है। इससे पहले खुल्दाबाद पुलिस ने अतीक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा कायम किया था और फिर उसके दफ्तर से रायफल व रिवॉल्वर की बरामदगी की गई थी।
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया निवासी पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ बीते साल शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हुई थी। तब पुलिस को छानबीन में तीन असलहे की जानकारी हुई थी। इसमें दो शस्त्र लाइसेंस चकिया के पते पर लिया गया था, जबकि एक दोनाली बंदूक का लाइसेंस धूमनगंज के पते पर हुआ था। यह तथ्य भी सामने आया था कि 1984 में धूमनगंज थाने की रिपोर्ट लाइसेंस पर जारी हुआ था। इसके बाद उसका लाइसेंस निरस्त भी हुआ लेकिन वर्ष 2005 में कोर्ट के आदेश पर उसे थाने से रिलीज कर दिया गया था। उसके बाद से कुछ पता नहीं चला था। जानकारी होने पुलिस ने रिपोर्ट भेजी, जिसके आधार पर जिलाधिकारी ने उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया। मगर वह बंदूक कहां और किसके पास है। इसका पता नहीं चल सका है। बहरहाल, सीओ सिविल लाइंस अजीत सिंह चौहान का कहना है कि अभी तक बंदूक के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। जल्द ही इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।