इन नतीजों का असर नहीं, फिर बनेगी मोदी सरकार : केशव
पांच राज्यों के परिणाम में भाजपा के पिछड़ने को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लोकसभा चुनाव पर नहीं असर मानते। कहते हैं कि फिर मोदी सरकार बनेगी।
प्रयागराज : पांच राज्यों के पोल में भले भाजपा पिछड़ गई हो, लेकिन उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य नहीं मानते कि इसका कोई असर लोकसभा पोल पर पड़ेगा। विश्व के प्रभावशाली नेताओं में शुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुकाबले राहुल गांधी को चुनना देश को स्वीकार नहीं होगा। यह बात उन्होंने सर्किट हाउस में दैनिक जागरण से वार्ता के दौरान कही।
डिप्टी सीएम का साफ कहना है कि राज्य और लोकसभा के चुनाव में बड़ा अंतर है। आम चुनाव प्रधानमंत्री के चेहरे पर लड़ा जाएगा। तीन राज्यों में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देने वाली कांग्रेस क्या राहुल के नेतृत्व में उभर रही है? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इन राज्यों में भाजपा कई वर्षों से सत्ता में थी, संभवत: इसलिए कुछ सत्ता विरोधी लहर ने काम किया है। इसमें राहुल गांधी का कोई योगदान नहीं है। वर्ना तेलंगाना और मिजोरम में भी यह प्रभाव दिखता।
बोले, छत्तीसगढ़ के परिणाम उम्मीद से वितरीत
डिप्टी सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के परिणाम जरूर उम्मीद से बेहद विपरीत हैं, इसलिए पार्टी इसकी समीक्षा करेगी। जहां तक आम चुनाव की बात है तो वह राष्ट्रीय मुद्दों पर लड़े जाएंगे। देश को मोदी या राहुल, मजबूत या मजबूर सरकार में चयन करना होगा। इसलिए 2014 से भी प्रबल जनमत इस बार भाजपा को केंद्र में मिलेगा।
गुणवत्ता के साथ हो रहे हैं कुंभ कार्य
प्रधानमंत्री के प्रयागराज आगमन की तैयारियों पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री को सुनने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ेगी। इसके लिए संगठन में बूथ स्तर पर तैयारी की गई है। उन्होंने कुंभ के निर्माण कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य बेहद गुणवत्ता के साथ किए जा रहे हैं। इन्हें समय पर पूरा भी कर लिया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार के विशेष प्रयासों से यह कुंभ इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा और इससे पूरे विश्व में भारत की सनातन संस्कृति का प्रचार होगा।