भगवान चित्रगुप्त का पूजन कर कायस्थ समाज ने मांगा आशीष Prayagraj News
शहर में स्थापित चित्रगुप्त मंदिरों के साथ घरों में भगवान चित्रगुप्त का पूजन-अर्चन और हवन किया गया। कायस्थ परिवार के मेधावी बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। भइया दूज के दिन कायस्थ समाज ने भगवान चित्रगुप्त का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान कलम दवात का पूजन भी हुआ। पूजन घरों में परिवार के लोगों ने पूजन किया। वहीं सामूहिक रूप से भी कायस्थ समाज के लोग एक स्थान पर जुट कर पूजा और अर्चना की।
चित्रगुप्त मंदिर में हुआ सामूहिक पूजन
केपी कम्युनिटी के केपी कॉलेज परिसर व मुट्ठीगंज स्थित चित्रगुप्त मंदिर में सामूहिक रूप से भगवान चित्रगुप्त और कलम-दवात का पूजन भक्तिभाव से किया गया। लोगों ने पूजा-अर्चना के बाद आरती और हवन कर भगवान चित्रगुप्त के प्रति अपनी आस्था व श्रद्धा अर्पित की। इस दौरान काफी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद थे। इस दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया।
कायस्थ समाज के मेधावियों को सम्मानित किया गया
कायस्थ पाठशाला की ओर से केपी कम्युनिटी हॉल में भगवान चित्रगुप्त व सामूहिक कलम-दवात के पूजन के साथ ही कायस्थ समाज के मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपनी-अपनी कक्षाओं में अव्वल आने वाले बच्चों को उपहार व प्रमाणपत्र देकर विभूषित किया गया।
घरों में भी पूजे गए भगवान चित्रगुप्त
चित्रगुप्त मंदिरों में सामूहिक पूजन का आयोजन हुआ। वहीं घरों में भी भगवान चित्रगुप्त पूजे गए। वहीं कायस्थ समाज के उन घरों के बच्चों को कलम पकड़़ना सिखाया गया, जिन्होंने इसी वर्ष स्कूलाें में दाखिला लिया है। अभिभावकों ने उन बच्चों के हाथ पकड़ कर कलम से चित्रगुप्त की मूर्ति या फोटो के समक्ष लिखना सिखाया। वहीं सभी आयु वर्ग के लोगों ने घरों में भी पूजन-अर्चन के बाद आरती और हवन कर अपने परिवार व विश्व कल्याण की कामना की।