डीएवी को हराकर ईश्वरशरण अकादमी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची Prayagraj News
क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबला खेलने के लिए ईश्वरशरण अकादमी फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में डीएवी अकादमी को पराजय का सामना करना पड़ा।
प्रयागराज, जेएनएन। ईश्वर शरण अकादमी ने डीएवी अकादमी को उसी के मैदान पर नौ रन से हरा दिया। इसके साथ ही इस टीम ने दयानंद स्मृति चतुष्कोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया।
नौ रनों से डीएवी की टीम पराजित
ईश्वर शरण अकादमी ने खेले गए मैच में 25 ओवर में 139 रन बनाए। आदर्श मिश्र ने 67 और रुद्रांश सिंह ने 25 रन का योगदान दिया। डीएवी के नागेंद्र सिंह ने तीन और अकरम इकबाल ने दो विकेट लिए। जवाब में डीएवी अकादमी की टीम 25 ओवर में 130 रन पर सिमट गई। विराट जायसवाल ने 49, वरुण मेहरोत्रा 22 और अनस अहमद ने 21 रन बनाए। ईश्वर शरण के समक्ष अवस्थी ने तीन और रुद्रांश सिंह ने दो विकेट लिए।
कबड्डी और जिम्नास्टिक ट्रायल्स 11 को
क्षेत्रीय खेल कार्यालय द्वारा 11 सितंबर को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में जिला स्तरीय महिला कबड्डी और अमिताभ बच्चन स्पोट्र्स काम्पलेक्स में जिम्नास्टिक ट्रायल्स का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक महिला जिम्नास्टिक खिलाड़ी उप क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा और कबड्डी के कोच से संपर्क कर सकती हैं।
कबड्डी प्रतियोगिता 18 को
जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता (अंडर 14/19 बालक) पब्लिक इंटर कॉलेज, मनौरी में 18 सितंबर को होगी। प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार जैन के मुताबिक प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए संभागीय टीमों को उस दिन सुबह 8.30 बजे पात्रता प्रमाण पत्र और व्यायाम शिक्षक के साथ पहुंचना जरूरी है।
जूनियर और सीनियर वर्ग में सोरांव टीम का दबदबा
जनपद विद्यालयीय बालक वर्ग की अंडर 14/19 वर्ग की प्रतियोगिता इलाहाबाद इंटर कॉलेज मैदान पर हुई। सीनियर वर्ग का फाइनल सोरांव और नगर दक्षिणी के बीच खेला गया। सोरांव की टीम ने नगर दक्षिणी को एक पाली और दो अंक से पराजित किया। सब जूनियर वर्ग में सोरांव की टीम ने बेसिक की टीम को एक पाली और एक अंक से पराजित किया। इसके पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य सभापति तिवारी ने किया। संचालन डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने किया।