धूमनगंज में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली Prayagraj News
थोड़ी ही देर में वहां शनि भी अपने साथियों के साथ आ गया। जिस पर राजा और शनि के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढऩे पर शनि और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
प्रयागराज,जेएनएन : धूमनगंज थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने बुधवार शाम राजा पासी (25) पुत्र दीपक पासी को गोली मार दी। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण साफ नहीं हो सका, लेकिन पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। आरोपित शनि पासी, रजत और होल्डर नामक युवक की तलाश चल रही है।
राजा पासी रम्मन का पुरवा मुहल्ले का रहने वाला है। कहा जा रहा है कि बुधवार शाम मुहल्ले में कुछ बच्चों के बीच विवाद हुआ तो राजा ने एक की पिटाई कर दी। थोड़ी ही देर में वहां शनि भी अपने साथियों के साथ आ गया। जिस पर राजा और शनि के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढऩे पर शनि और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली राजा के सिर को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी कंधे के नीचे लगी। गोलियों की आवाज सुन आसपास के लोग बाहर निकले तो फायरिंग करने वाले फरार हो गए। खबर पाकर धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिविल लाइंस वृजनारायण सिंह का कहना है कि पीडि़त और अभियुक्त शनि के बीच करीब 25 दिन पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। घरवालों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने बदमाशों की तलाश में दबिश दी। लेकिन आरोपित पकड में नहीं आए। अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जाएगी।