विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रयागराज में बड़ी घटना, मकान का छज्‍जा गिरा, मलबे में दबकर 5 की मौत व कई जख्‍मी

By Brijesh SrivastavaEdited By:
Published: Tue, 06 Sep 2022 03:04 PM (IST)Updated: Tue, 06 Sep 2022 06:12 PM (IST)

प्रयागराज के मुट्ठीगंज मोहल्‍ले में मंगलवार की दोपहर में बड़ी घटना हो गई। यहां एक मकान की दूसरी मंजिल का ...और पढ़ें

प्रयागराज में मकान का छज्‍जा ढहने से 4 लोगों की मौत हो गई है।
प्रयागराज में मकान का छज्‍जा ढहने से 4 लोगों की मौत हो गई है।

प्रयागराज, जेएनएन। मुट्ठीगंज के हटिया पुलिस चौकी के सामने मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे जर्जर मकान का बारजा गिर गया। मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल और जीवन ज्योति हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इसमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घटनास्थल पर डीएम और एसएसपी समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। घायलों का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए गए।

<>

घायलों में दो की हालत नाजुक : हटिया पुलिस चौकी के सामने हनुमान मंदिर ट्रस्ट के मकान में वर्षों से चार परिवार रहते हैं। ऊपर के हिस्से में लोग रहते हैं और नीचे छह दुकानें हैं। जिसमें चाय-नाश्ता, पान, कचौड़ी, साइकिल मरम्मत और सैलून की दुकान शामिल है। मंगलवार दोपहर लगभग 1.10 बजे वर्षा शुरू हुई तो लोग मकान में बने बारजे के नीचे खड़े हो गए। करीब 1:45 बजे अचानक बारजा भरभरा कर नीचे गिर गया। 14 लोग इसके नीचे दब गए। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई।

एसडीआरएफ व अग्निशमन दल टीम पहुंची : स्थानीय लोग मलबे को हटाने लगे। कुछ ही देर में पुलिस, अग्निशमन दल, एसडीआरएफ की टीम पहुंची और फिर मलबे को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर ही एक ही मौत हो गई थी, जबकि चार ने अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया। नौ लोगों को भर्ती कराया गया। इसमें पांच का एसआरएन और चार का रामबाग स्थित जीवन ज्योति हास्पिटल में इलाज चल रहा है। लगभग तीन बजे डीएम संजय खत्री, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। राहत बचाव कार्य और तेज हुआ। जेसीबी मंगवाकर मलबे को हटवाया गया। घटनास्थल के बाद अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर उपचार के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया।

मृतकों के नाम

- सुशील कुमार गुप्ता (40) पुत्र विश्वनाथ गुप्ता निवासी आर्य नगर मुट्ठीगंज

- राजेंद्र पटेल (51)

- नीरज केसरवानी (32) पुत्र मोतीलाल केसरवानी निवासी पंचायती अखाड़ा मुट्ठीगंज

- नसीरुद्दीन उर्फ सलमान (57) निवासी पिपरी थाना सरायममरेज

- एक अज्ञात 45

घायलों के नाम

- ओम प्रकाश (40)

- सूर्यपाल (30)

- विनोद बिंद (45)

- अनीश

- एक अज्ञात

मुख्‍यमंत्री ने मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की : मुट्ठीगंज क्षेत्र में जर्जर भवन का बारजा गिरने और उसमें पांच लोगों के दबने से मौत होने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक जताया है। ट्वीट किया है कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे। परिवार के लोगों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को घायलों का निश्शुल्क उपचार कराने के लिए भी निर्देशित किया है। मृतकों के परिवार वालों को चार लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।

यूपी के कैबिनेट मंत्री नंदी ने जताया शोक : कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी ने दुख जताया है। जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर युद्ध स्तर पर राहत कार्य और घायलों का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं। फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल, इलाहाबाद सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि सभी जर्जर मकानों का निरीक्षण किया जाए जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इस मौके पर राजेश केसरवानी, पार्षद नीरज गुप्ता, सत्या जायसवाल, आशीष जायसवाल, संतोष अग्रहरी, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।