रेलवे अस्पताल में बनी Help Desk, स्वजनों को पता चल सकेगा मरीजों का हाल Prayagraj News
रेलवे ने केंद्रीय चिकित्सालय के कोविड एल-2 में हेल्प डेस्क बनाई। 8173006779 नंबर जारी किया। इस नंबर पर सुबह छह से रात 10 बजे तक मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी मिलेगी। इस व्यवस्था मरीजों के तीमारदारों को काफी राहत मिलेगी।
प्रयागराज,जेएनएन। कोरोना काल में अस्पतालों की व्यवस्था धड़ाम हो गई है। रेलवे अस्पताल में भी भर्ती मरीज का हाल उनके स्वजनों को नहीं बताया जाता है। मौत होने पर अस्पताल प्रशासन फोन से सूचना देता है। इस मामले की खबर कोविड हेल्प डेस्क पर सवाल उठाते हुए प्रकाशित की गई थी। इसका असर यह रहा कि रेलवे ने हेल्प डेस्क का नंबर जारी किया है। इस पर मरीज की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिल सकेगी।
यह था मामला
दरअसल, चौफटका के निकट स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कोरोना संक्रमित सास आरती देवी को 24 अप्रैल को रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया था। आरोप है कि तभी से मरीज के स्वास्थ्य की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे अस्पताल से मौत की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि मरीज के साथ मोबाइल व अन्य सामान था, वह वापस नहीं किया गया। इसके अलावा एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी के बेटे ने भी अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से पिता की मौत का आरोप लगाया। इन मामलों की खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित की गई।
हेल्पलाइन नंबर जारी
इसका असर रहा कि रेलवे ने केंद्रीय चिकित्सालय के कोविड एल-2 में हेल्प डेस्क बनाई। 8173006779 नंबर जारी किया। इस नंबर पर सुबह छह से रात 10 बजे तक मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी मिलेगी।