इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में रेड जोन वाली जिला अदालतों में भी सुनवाई शुरू
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लॉकडाउन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों व अवरोधों के तहत उत्तर प्रदेश की अधीनस्थ अदालतों को खोलने का निर्णय लिया है।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने लॉकडाउन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों व अवरोधों के तहत उत्तर प्रदेश की अधीनस्थ अदालतों को खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत रेड, ग्रीन व ऑरेंज जोन की सभी जिला अदालतों में न्यायिक कार्य किया जाएगा। हर जोन के लिए विशेष गाइडलाइन व कार्यप्रणाली घोषित की गई है।
हाईकोर्ट की आठ मई को जारी गाइडलाइन के अनुसार अदालतों में न्यायिक कार्य किया जा रहा है। निबंधक शिष्टाचार आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश के 66 जिलों की अदालतों मे 27 मई को (रेड, ग्रीन व ऑरेंज जोन) 9069 मामले सुनवाई के लिए पेश हुए। इसमें 2660 मामले निस्तारित किये गये। रेड जोन की अदालतों में वर्चुअल सुनवाई की गयी। इसमें 2698 रिमांड आदि मामलों की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग से की गयी।