संगम नहीं अंदावा में होगा देवी प्रतिमाओं का विसर्जन Prayagraj News
नवीन विसर्जन स्थल महेंद्र प्रताप सिंह डिग्री कॉलेज अंदावा झूंसी स्थित बने बड़े तालाब में कराया जाएगा। शहर की तमाम दुर्गा पूजा कमेटियों को इसकी सूचना दी गई है।
प्रयागराज, जेएनएन। संगम में बनने वाले तालाब में इस बार देवी प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं हो सकेगा। बाढ़ के चलते व्यवस्था में बदलाव करना पड़ा है। जिला प्रशासन ने अंदावा के एक बड़े तालाब में मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था की है। एडीएम सिटी एके कनौजिया ने सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश कुमार मिश्रा और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप भगिया के साथ मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया।
गंगा-यमुना में बाढ़ के कारण काली रोड पर नहीं होगा विसर्जन
गंगा और यमुना में बाढ़ की स्थिति के कारण संगम तट पर काली रोड पर प्रतिवर्ष होने वाले दुर्गा पूजा में पूजित मूर्तियों का विसर्जन इस वर्ष नहीं हो पाएगा। एडीएम सिटी ने बताया कि नवीन विसर्जन स्थल महेंद्र प्रताप सिंह डिग्री कॉलेज अंदावा, झूंसी, थाना सराय इनायत के सामने बने बड़े तालाब पर कराया जाएगा। शहर की तमाम दुर्गा पूजा कमेटियों को इसकी सूचना दे दी गई है। विसर्जन स्थल पर तीन जेटी, लाइटिंग, पंडाल, नावें, माइक सिस्टम, कंट्रोल रूम आदि की व्यवस्था कराई जा रही है। मूर्तियों के अवशेष को तालाब से निकालने के लिए मशीनें भी लगाई जाएंगी। नगर निगम अवशेष को ले जाएगा। मंगलवार से मूर्ति विसर्जन शुरू होगा।
शहर में 70 से ज्यादा दुर्गापूजा कमेटियां हैं
शहर में 70 से ज्यादा दुर्गापूजा कमेटियां हैं वहीं लगभग 130 घरेलू दुर्गा पूजा होती है। कई स्थानों की मूर्तिया काफी बड़ी और भारी होती हैं। इसकी वजह से इन मूर्तियों को लाने ले जाने के लिए एवं विसर्जित करने के लिए बड़े वाहनों तथा ज्यादा लोगों की जरूरत होती है। शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर इस नए विसर्जन स्थल पर मूर्तियां ले जाने में कमेटी के लोगों को दिक्कत भी होगी। वैसे ट्रैफिक और सुरक्षा के इंतजाम भी पुलिस-प्रशासन की ओर से किए जा रहे हैैं। हालांकि अगले साल बाढ़ की स्थिति नहीं रहेगी तो संगम के पास ही अस्थायी तालाब में मूर्तियां विसर्जित होंगी।
विसर्जन यात्रा के मार्गो का निर्धारण
प्रतिमा विसर्जन स्थल पर जाने का मार्ग शहर क्षेत्र से जीटी जवाहर चौराहा, शास्त्री ब्रिज, झूंसी, अंदावा चौराहा से बाएं मुड़कर सहसों मार्ग से हरिधाम अस्पताल से दाएं मुड़कर पटेल बाग मार्ग से सीधे तालाब तक यात्रा जाएगी। एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह ने बताया कि वापसी वाराणसी मार्ग से अंदावा चौराहा, झूंसी, शास्त्री ब्रिज होकर शहर क्षेत्र होगा।
रोडवेज बसों का रूट भी बदला
वाराणसी-जौनपुर-प्रयागराज के बीच चलने वाली रोडवेज बसों का संचालन शास्त्री पुल, झूंसी क्षेत्र से न होकर तेलियरगंज, फाफामऊ पुल, थरवई, सहसों मार्ग से होगा। इसके अलावा बड़े वाहनों के लिए दिन में लागू नो इंट्री का कड़ाई से पालन किया जाएगा।