पूर्व बीडीसी सदस्य की गला रेतकर हत्या, चेहरे पर तेजाब डाला
पूर्व बीडीसी सदस्य की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसके चेहरे पर तेजाब डालने की आशंका जताई गई।
प्रयागराज : मऊआइमा थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव में पूर्व बीडीसी ज्ञान चंद्र यादव (40) की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया गया। मंगलवार सुबह लाश मिलने से हंगामा मच गया। पुलिस अधिकारियों ने गांव पहुंच पूछताछ की। गला रेतने के अलावा उसके चेहरे पर कुल्हाड़ी या फिर गड़ासे से भी वार किया गया था। हत्या किन कारणों से और किसने की यह साफ नहीं हो सका है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मऊआइमा के बागी गांव निवासी विश्वनाथ यादव का बेटा ज्ञान चंद्र बीडीसी सदस्य रह चुका है। घरवालों के मुताबिक, ज्ञान चंद्र कहकर गया था कि पड़ोस के लोकापुर गांव में पुआल लेने जा रहा है। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रात में घरवाले उसे तलाशते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह ज्ञान चंद्र की लाश खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। उसका गला रेता गया था। चेहरा जला हुआ था। माना जा रहा है कि चेहरे पर तेजाब फेंका गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चेहरे पर गड़ासे से वार करने की वजह घाव है। तेजाब नहीं डाला गया।
ज्ञान चंद्र खेती करता था। वह क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रह चुका है। लाश मिलने के बाद परिजनों ने हंगामे की कोशिश की। मां जयराजी और पत्नी संजू शव के पास बिलखती रहीं। परिजनों ने किसी पर हत्या का शक नहीं जताया है। एसपी गंगापार के मुताबिक, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। मृतक के चार बच्चों में तीन पुत्री मुस्कान, प्रजिता, रजिता व एक पुत्र दिव्यांशु हैं।