जाम से मिलेगी राहत, चौफटका में बनेगा फ्लाईओवर और आरओबी
अब सुलेमसराय से एयरपोर्ट जाने का रास्ता हो जाएगा सुगम हो जाएगा। चौफटका में फ्लाईओवर और आरओबी बनेगा। राज्य सेतु निगम ने इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा है।
प्रयागराज, जेएनएन। चौफटका से बमरौली एयरपोर्ट जाने के लिए शहरवासियों को सीधा रास्ता मिलेगा। साथ ही सुलेमसराय में लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिल सकेगी। इसके लिए फ्लाईओवर और रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने इसके लिए 280 करोड़ का इस्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इसका काम शुरू हो जाएगा।
बेगम बाजार के आरओबी का काम अटका पड़ा है
झलवा में नया सिविल एयरपोर्ट बनने के बाद वहां जाने के लिए कानपुर जीटी रोड से कोई सीधा रास्ता नहीं है। बेगम बाजार में एक आरओबी बन रहा था। वायुसेना से एनओसी न मिलने के कारण उसका काम अभी अटका हुआ है। बेगम बाजार के आरओबी की शहर से दूरी भी ज्यादा है। इसलिए चौफटका के पास एक फ्लाईओवर और रेलवे ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। फ्लाई ओवर कानपुर जीटी रोड पर ही बनेगा। आरओबी को कानपुर जीटी रोड (महिला ग्राम इंटर कालेज के पास) को प्रयागराज-कौशांबी मार्ग (सरदार चौराहे के पास) से जोड़ा जाएगा।
आंकड़े एक नजर में
-280 करोड़ की लागत से तैयार होगा फ्लाईओवर और रेलवे ओवर ब्रिज
-1.50 किलोमीटर लंबा फोर लेन रहेगा आरओबी
-650 मीटर लंबा टू लेन रहेगा फ्लाई ओवर
-2.5 साल में तैयार होगा फ्लाई ओवर और आरओबी
बमरौली एयरपोर्ट जाने का रास्ता सुगम हो जाएगा
इससे सुलेमसराय से बमरौली एयरपोर्ट जाने का रास्ता सुगम हो जाएगा। अभी कानपुर जीटी रोड से एयरपोर्ट जाने वालों को बमरौली एयरपोर्ट की पुरानी बिल्डिंग से होकर भगवतपुर रेलवे क्रासिंग से चक्कर लगाते हुए जाना पड़ता है। दूसरा रास्ता चकिया से राजरूपपुर-झलवा होते हुए एयरपोर्ट तक जाता है। इसके लिए भी लोगों को घूमना पड़ता है।
बोले उप्र राज्य सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के प्रयागराज आंचल के मुख्य परियोजना प्रबंधक आरके सिंह का कहना है कि फ्लाईओवर और आरओबी का इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने पर काम शुरू करा दिया जाएगा। दोनों का काम एक साथ शुरू होगा। ढाई साल में बनकर तैयार हो जाएंगे।
फ्लाईओवर के नीचे से उतर सकेंगे लोग
कौशांबी-प्रयागराज मार्ग को कानपुर जीटी रोड से जोडऩे वाला आरओबी फ्लाईओवर से 300 मीटर पहले ही समाप्त हो जाएगा। आरओबी से आने वाले लोग फ्लाईओवर के नीचे से होकर चौफटका तक पहुंचेंगे। फ्लाईओवर के दोनों तरफ टू-लेन सड़क रहेगी। आरओबी से आने वाले फ्लाईओवर के नीचे से पहली लेन से जाएंगे। जीटी रोड से आने वाले दूसरी लेन से जाएंगे, ताकि वहां पर जाम न लगे। हाईकोर्ट और करबला तिराहे से आने वाले लोग अपनी सुविधा अनुसार सीधे फ्लाईओवर से जा सकेंगे। टू-लेन का रास्ता नीचे से रहेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप