नगर निगम में यूको बैंक के जेनरेटर में लगी आग Prayagraj News
जेनरेटर में आग लगने की सूचना मिलने पर बैंक और नगर निगम में हड़कंप मच गया। बैंक कर्मी और निगम कर्मी मौके पर पहुंच गए। सबसे पहले जेनरेटर के पास खड़ी दो पहिया गाडिय़ों को हटाया गया।
प्रयागराज, जेएनएन : नगर निगम स्थित यूको बैंक के जेनरेटर में बुधवार दोपहर में अचानक आग लगने पर हड़कंप मच गया है। बैंक कर्मचारी और नगर निगम कर्मी वहां पर इकट्ठा हो गए। जेनरेटर के पास खड़ी मोटर साइकिलों को हटाया गया। उसके बाद जेनरेटर में पानी डालकर आग को बुझाया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ गई थी। आग बुझने के बाद बैंक के कर्मचारियाें और नगर निगम कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। शुक्र रहा कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
बुधवार दोपहर में लगभग ढाई बजे नगर निगम स्थित यूको बैंक के बाहर रखे जेनरेटर से अचानक चिंगारी निकलने लगी। देखते-ही-देखते जेनरेटर में आग लग गई। जेनरेटर में आग लगने की सूचना मिलने पर बैंक और नगर निगम में हड़कंप मच गया। बैंक कर्मी और निगम कर्मी मौके पर पहुंच गए। सबसे पहले जेनरेटर के पास खड़ी दो पहिया गाडिय़ों को हटाया गया। तत्काल सूचना दमकल विभाग को दी गई। लोगों ने बाल्टी-बाल्टी पानी डालकर आग को बुझाया। दमकल विभाग की गाड़ी जब तक नगर निगम पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी। दमकल विभाग की टीम ने जेनरेटर को देखा। उसमें पानी डालने की जरूरत न होने पर टीम वापस लौट गई। जेनरेटर में आग लगने पर नगर निगम की बिजली आपूर्ति कुछ देर के लिए बाधित रही। आग बुझने के कुछ देर बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।