विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

माफिया अतीक अहमद के गुर्गे और अशरफ समेत कई लोगों पर अवैध प्लाटिंग के आरोप में मुकदमा

By Ankur TripathiEdited By:
Published: Mon, 16 May 2022 06:30 AM (IST)

धूमनगंज पुलिस ने जेल में बंद माफिया अतीक के गुर्गे खालिद जफर और मोहम्मद मुस्लिम समेत कई के खिलाफ मुकदमा ...और पढ़ें

पीडीए के जेई ने अतीक अहमद के करीबियों के खिलाफ धूमनगंज थाने में दर्ज कराया केस
पीडीए के जेई ने अतीक अहमद के करीबियों के खिलाफ धूमनगंज थाने में दर्ज कराया केस

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। अवैध प्लाटिंग करने के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। रविवार को धूमनगंज पुलिस ने जेल में बंद माफिया अतीक के गुर्गे खालिद जफर और मोहम्मद मुस्लिम समेत कई के खिलाफ मुकदमा कायम किया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के जेई बीएन सिंह की तहरीर पर अलग-अलग चार एफआइआर लिखी गई है। अब जल्द ही अतीक के गुर्गों सहित अन्य पर शिकंजा कसा जाएगा।

अनाधिकृत कालोनी विकसित करने का भी आरोप

बताया गया कि पीडीए से बिना नक्शा पास कराए ही भीटी में लगभग 180 बीघा में प्लाटिंग की गई और फिर उसकी बिक्री शुरू की गई। इस प्लाटिंग पर पीडीए की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। अब यहां अवैध प्लाटिंग करने के आरोपित खालिद जफर, अरुण कुमार, साउन, दुर्गेश चौहान व अन्य के विरुद्ध नामजद मुकदमा हुआ है। पीपलगांव में भी अवैध प्लाटिंग करने के आरोप में अतीक के करीबी मोहम्मद मुस्लिम और उसके सहयोगी, अकामा बिल्डर के डायरेक्टर और उसके सहयोगी तथा प्लाटिंग के विकासकर्ताओं के विरुद्ध रिपोर्ट लिखी गई है। इन पर अनाधिकृत कालोनी विकसित करने का भी आरोप है। कसारी मसारी में अवैध प्लाटिंग करने पर और पीडीए की सील को हटाकर उपयोग करने पर शाहिद जमील के खिलाफ भी एफआइआर हुई है। इसी तरह भीटी में फोनिक्स सिटी फेज-2 अवैध प्लाटिंग के आरोप में एमकेएम डेवलपर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड व अन्य के विरुद्ध मुकदमा कायम किया गया है। इंस्पेक्टर धूमनगंज राजेश मौर्या का कहना है कि पीडीए के जेई की शिकायत पर सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट लिखकर विवेचना की जा रही है।

20 लाख की रंगदारी मांगने पर अशरफ सहित छह नामजद

प्रयागराज : प्रापर्टी डीलर से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, मारपीट करने के आरोप में पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ व खालिद जफर,  दिलीप कुशवाहा, मुस्लिम और हसन के खिलाफ धूमनगंज थाने में रिपोर्ट हुई है। एफआइआर पीपलगांव निवासी सूरज पाल की तहरीर पर लिखी गई है। घटना 13 नवंबर 2021 को हुई थी। पीड़ित का आरोप है कि वह भीटी स्थित अपनी जमीन पर काम लगवाया था। इसी दौरान खालिद जफर समेत अन्य लोग लाठी, डंडा, तमंचा लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए काम रुकवा दिया। तमंचा सटाकर धमकाया कि यह विधायक अशरफ की प्लाटिंग है। काम करने के लिए 20 लाख रुपये देने पड़ेंगे। विरोध पर लाठी-डंडे से पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।