कचहरी डाकघर में वकीलों-कर्मचारियों के बीच मारपीट, आगजनी और फायरिंग
कचहरी डाकघर में शनिवार की दोपहर में अधिवक्ताओं और डाक कर्मियों में मारपीट हो गई। इस दोरान तोड़फाेड और फायरिंग भी हुई। एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रयागराज : कलेक्ट्रेट के सामने कचहरी डाकघर में शनिवार की दोपहर में बवाल और आगजनी हुई। वकीलों और डाकघर कर्मचारियों में जमकर मारपीट, तोडफ़ोड़ व फायरिंग हुई। बवाल की खबर मिलने पर एसएसपी समेत कई थाने की फोर्स पहुंच गई। घटना के पीछे रजिस्ट्री जल्द करने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अधिवक्ता अभिषेक कुमार श्रीवास्तव कुछ साथी वकीलों के साथ डाकघर में रजिस्ट्री करने गए थे। आरोप है कि स्पीड पोस्ट करने वाले कर्मचारी से उन्होंने रजिस्ट्री करने को कहा। इस पर कर्मचारी ने अधिवक्ताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौच की। वकीलों का आरोप है कि कर्मचारियों ने अधिवक्ता को अंदर बुलाया और बंधक बनाकर बंदूक, पिस्टल की बट से मारने लगे। गार्डों ने पीटते हुए 10 हजार रुपये, चेन व मोबाइल छीन लिया। लूट का विरोध करने पर फायङ्क्षरग की, लेकिन गोली दीवार पर लग गई। वहीं, कर्मचारियों का आरोप है कि क्लर्क भास्कर नाथ तिवारी, पोस्टल असिस्टेंट शीतला प्रसाद मिश्रा व अन्य कर्मियों को वकीलों ने घसीट-घसीटकर पीटा। पूरे दफ्तर में तोडफ़ोड़ की।
इधर, मारपीट की खबर मिलते ही दर्जनों वकील डाकघर पहुंच गए। इसके बाद कर्मचारियों और वकीलों में मारपीट बढ़ गई। आक्रोशित वकीलों ने परिसर में खड़ी कई बाइक तोड़ डाली। मौके पर पहुंचे सीओ आलोक मिश्रा फोर्स के साथ मामले को शांत करा रहे थे, तभी डाकघर के पीछे खड़ी दो बाइक में आग लगा दी गई। करीब डेढ़ घंटे तक बवाल व हंगामा होता रहा। इस दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मची रही। मारपीट में दोनों पक्ष से कई लोग जख्मी हुए। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। वकील अभिषेक श्रीवास्तव व रत्नेश शर्मा की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। डाक विभाग की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं मिली है।
अधिवक्ताओं व कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी के बाद तोडफ़ोड़ व आगजनी की गई। सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- नितिन तिवारी, एसएसपी