आंधी और बारिश में उड़ी बिजली और तार, प्रयागराज के कई मोहल्लों में रविवार को प्रभावित रही सप्लाई
जनपद में शनिवार देर रात आंधी और हल्की बारिश में ही शहर के अधिकांश इलाकों की बिजली गुल हो गई। आंधी खत्म होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई लेकिन कई मुहल्लों में जंपर और केबल बाक्स में आई खराबी के कारण दो-तीन घंटे आपूर्ति बाधित रही।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद में शनिवार देर रात आंधी और हल्की बारिश में ही शहर के अधिकांश इलाकों की बिजली गुल हो गई। आंधी खत्म होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन कई मुहल्लों में जंपर और केबल बाक्स में आई खराबी के कारण दो-तीन घंटे आपूर्ति बाधित रही। कुछ जगहों पर तार गिरने की वजह से भी लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हो उठे
शहर के पुराने इलाके चौक, खुल्दाबाद, अतरसुइया, कीडगंज, मुट्ठीगंज, बैरहना, अटाला, नखासकोहना, रानीमंडी, रामबाग, आजाद नगर, मलाकराज, मोहत्सिमगंज, बादशाही मंडी, बहादुरगंज समेत कई इलाकों में शनिवार देर रात आंधी के साथ हल्की बारिश होने पर सुरक्षा की दृष्टि से आपूर्ति बंद कर दी गई। आंधी थमने के बाद आपूर्ति चालू की गई तो मोहत्सिमगंज, आजाद नगर, डी रोड, मलाकराज, साउथ मलाका, मानसरोवर क्षेत्र में जंपर और केबल बाक्स खराब हो गई। इससे उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हो उठे। कर्मचारियों ने मरम्मतीकरण का कार्य शुरू किया और फिर दो घंटे बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी। उधर, गोविंदपुर, नंद गांव, कसारी-मसारी में तेज हवा के चलते बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे आपूर्ति बाधित हुई। कर्मचारियों ने टूटे तार का मरम्मतीकरण किया, जो तीन घंटे बाद आपूर्ति सुचारू हुई। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंपर और केबल बाक्स में गड़बड़ी आ गई थी। कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजकर मरम्मतीकरण करा आपूर्ति चालू कराई गई। मुख्य अभियंता विनोद गंगवार ने बताया कि आंधी और बारिश के समय आपूर्ति बंद कर दी जाती है। हालांकि, कुछ जगहों पर तकनीकी खराबी के कारण अापूर्ति जरूरी बाधित हुई थी, जिसे मरम्मतीकरण कराकर दूर कर दिया गया।