अनारक्षित Special Train में एक्सप्रेस का किराया, ठगा सा महसूस कर रहे दैनिक यात्री Prayagraj News
परिवार के साथ मंडुवाडीह जा रहे अब्दुल का कहना है कि किराया बढ़ा दिया गया है। इससे परेशानी हो रही है। राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि वह पेंटर हैं और काम के सिलसिले में अक्सर यहां आते हैं। निजी साधन की अपेक्षा किराया कम है।
प्रयागराज, जेएनएन। मऊ के लिए आठ मार्च से अनारक्षित विशेष गाड़ी चलाई गई है। लेकिन, पैसेंजर के बजाय इसमें सफर करने के लिए रेलवे एक्सप्रेस का किराया वसूल रहा है। इससे दैनिक यात्रियों में मायूसी है।
05138 प्रयागराज रामबाग-मऊ वाया मंडुवाडीह अनारक्षित विशेष गाड़ी में सुविधाएं तो बढ़ाई गई हैं। लेकिन, किराया भी बढाए जाने से यात्री परेशान हैं।
परिवार के साथ मंडुवाडीह जा रहे अब्दुल का कहना है कि किराया बढ़ा दिया गया है। इससे परेशानी हो रही है। राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि वह पेंटर हैं और काम के सिलसिले में अक्सर यहां आते हैं। निजी साधन की अपेक्षा किराया कम है। लेकिन, एक्सप्रेस का किराया लिया जा रहा है। रवि शंकर ने बताया कि माधोसिंह स्टेशन से रिश्तेदार के यहां आया था। अब लौट रहा हूं। 45 रुपये का टिकट खरीदना पड़ा है, जो पहले कम था। छांगुर प्रसाद के मुताबिक, पैतृक निवास औडि़हार में है। इसलिए अक्सर जाना होता है। सरकार को पैसेंजर का किराया ही लेना चाहिए।
तीसरी आंख से यात्रियों की निगरानी
मेमू के आठ कोच में आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। अब यात्रियों की निगरानी भी होगी। गाड़ी के पायलट और गार्ड के केबिन में स्क्रीन से सभी की गतिविधियां देखी जा सकेंगी। इससे छेड़छाड़ वाले मामलों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इसके अलावा कोच में डिस्प्ले बोर्ड भी है। पायलट केबिन को वातानुकूलित किया गया है। इस कोच में टायलेट की सुविधा भी है। पहले ज्यादातर कोच में यह व्यवस्था नहीं होती थी।