आबकारी इंस्पेक्टर से दोस्ती, प्यार और अनैतिक संबंध के बाद दिया धोखा, सप्लाई इंस्पेक्टर पर केस Prayagraj News
सप्लाई इंस्पेक्टर ने शादी का झांसा देकर आबकारी इंस्पेक्टर से दुष्कर्म किया। भुक्तभोगी ने महिला थाने में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
प्रयागराज, जेएनएन। पहले उसने दोस्ती की फिर दोनों में प्यार का नाटक किया। और बात बढ़ी तो अनैतिक संबंध भी बना लिए। यह किसी फिल्म की कहानी नहीं, हकीकत है। आबकारी इंस्पेक्टर ने दोस्त से प्रेमी बने सप्लाई इंस्पेक्टर के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुनील के नहीं मानने पर महिला थाने की शरण में गईं भुक्तभोगी
पुलिस के मुताबिक लखनऊ में तैनात सुल्तानपुर जिले की मूल निवासी महिला आबकारी इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के दौरान ही उनकी दोस्ती चंदौली जिले के बरहनी थाना क्षेत्र स्थित मौजी गांव के रहने वाले सप्लाई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह से हुई थी। कई बार हम दोनों एक साथ प्रयागराज परीक्षा देने के लिए आते-जाते थे। पता ही नहीं चला कब दोस्ती प्रेम में बदल गई। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। सुनील ने शादी करने का वादा किया। बहुत मना करने के बावजूद शारीरिक संबंध बना लिया। कई दिन तक शादी की बात पर टाल-मटोल करता रहा। इसी दौरान सुनील ने मुझसे विवाह करने के बजाय किसी और लड़की से सगाई कर ली। इसकी भनक लगते ही विरोध किया, जिस पर नोकझोंक हुई और सुनील के नहीं मानने पर महिला थाने की शरण में गई।
बोलीं महिला थाने की इंस्पेक्टर
महिला थाने की इंस्पेक्टर दीपा सिंह का कहना है कि घटनास्थल प्रयागराज है। मामला कई साल पुराना है। तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर विवेचना की जा रही है। सच्चाई का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
टॉप टेन अपराधी असलहे के साथ गिरफ्तार
शहर के मलाकराज क्षेत्र से कीडगंज पुलिस ने के टॉप टेन बदमाश वरुण गायकवाड को असलहे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मलाकराज के वरुण की अश्लील हरकतें, मारपीट, धमकी व कातिलाना हमले के मामले में तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर उसे पुराने यमुना पुल के नीचे से दबोच लिया गया। तमंचा, कारतूस और दो देशी बम बरामद किए गए। वरुण के खिलाफ कीडगंज थाने में 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैैं।