इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को मतदाता बनाने की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से, क्या है भाजपा की तैयारी
भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मलयज शर्मा ने कहा कि इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षक एमएलसी की चार सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारा था। इसमें से तीन में जीत दर्ज की थी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सरगर्मी बढ़ रही है। एक अक्टूबर से सात नवंबर तक पहले चरण में मतदाताओं को बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सभी दावेदारों ने गतिविधि बढ़ा दी है। भाजपा ने भी शिक्षकों के बीच बैठक का क्रम शुरू कर दिया है।
भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ क प्रदेश सह संयोजक बोले : भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मलयज शर्मा ने शिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि भाजपा को जीत दिलान के लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक मतदाता बनाए जाएं। सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसी काम में जुट रहे हैं। कहा कि मेरठ से शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा चित्रकूट में एक बैठक कर चुके हैं। 28 सितंबर को प्रयागराज में बैठक करने के लिए आएंगे। इस क्षेत्र में भाजपा चार बार लगातार जीत दर्ज कर चुकी है। पिछली बार जरूर हार का सामना करना पड़ा लेकिन इस बार उसकी भरपाई होगी।
पिछले चुनाव में चार में से तीन सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीते थे : भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मलयज शर्मा ने कहा कि पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षक एमएलसी की चार सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारा था। इसमें से तीन में जीत दर्ज की थी। संगठन ने माध्यमिक वित्तविहीन एवं सवित्त कालेजों के साथ महाविद्यालयों और तकनीकी कालेजों के शिक्षकों के साथ बैठक की रणनीति बनाई है। पिछले चुनाव में बहुत से फर्जी मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज करा दिया गया था। इस पर उन सभी नामों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। प्रदेश नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दी गई है। भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ एवं शिक्षक प्रकोष्ठ आपस में तालमेल कर चुनाव में कार्य करेंगे।
भाजपा के सेवा पखवाड़ा में विधायक राजमणि कोल ने कहा : देश की विशेषता विविधता में एकता है। इसे बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निरंतर प्रयासरत हैं। हम सब की जिम्मेदारी है कि इसमें सहयोग दें। यहां विभिन्न भाषा, जाति और धर्म के लोग रहते हैं, उनमें समन्वय होना दूसरे देशों के लिए आश्चर्य की बात है जबकि हम सब के लिए यह गौरव है। यह बातें प्रयागराज के कोरांव के विधायक राजमणि कोल ने कहीं। वह नारीबारी में आयोजित विविधता में एकता कार्यक्रम के दौरान विचार रख रहे थे।
भाजपा नेता बाले- हमारी एकता ही हमारी शक्ति है : भाजपा इन दिनों सेवा पखवाड़ा मना रही है। इसी क्रम में यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यमुनापार विभवनाथ भारती ने की। उन्होंने कहा विभिन्न जाति, वोली, धर्म के होने पर भी हमारी एकता ही हमारी शक्ति है। कार्यक्रम में आए लोगों के प्रति जिला उपाध्यक्ष राजेश्वरी तिवारी ने आभार जताया। इस मौके पर अश्वनी सिंह पटेल, अशोक पांडेय, दिलीप कुमार चतुर्वेदी, सुभाष सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।