Dussehra 2021: चौक में भरत से मिलेंगे प्रभु राम, प्रतापगढ़ में अबकी कम रहेंगी चौकियां
आगामी 17 अक्टूबर की रात से लेकर 18 की भोर तक सीमित संख्या में चौकियों और दलों का भ्रमण नगर में कराया जाएगा। इसके बाद भोर में छह बजे चौक घंटाघर पर परंपरागत ढंग से प्रभु श्रीराम 14 बरस के बाद भैया भरत को गले से लगाएंगे।
प्रतापगढ़, जागरण संवाददाता। नगर का ऐतिहासिक भरत मिलाप इस बार भी संपन्न कराया जाएगा। हालांकि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए इसका स्वरूप बहुत व्यापक नहीं होगा। आगामी 17 अक्टूबर की रात से लेकर 18 की भोर तक सीमित संख्या में चौकियों और दलों का भ्रमण नगर में कराया जाएगा। इसके बाद भोर में छह बजे चौक घंटाघर पर परंपरागत ढंग से प्रभु श्रीराम 14 बरस के बाद भैया भरत को गले से लगाएंगे।
सूक्ष्म रूप से भरत मिलाप की परंपरा निभाई जाएगी
श्रीराम लीला समिति और जिला प्रशासन के बीच हुई बैठक में तय किया गया कि भरत मिलाप प्रतापगढ़ की प्राचीन धार्मिक परंपरा है। यह जिले की पहचान है। इस आयोजन को कराया जाएगा। इसके स्वरूप को तय किया गया। एसडीएम सदर मोहन लाल गुप्ता व सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने कहा कि भीड़ होने से खतरा हो सकता है। कोरोना का खतरा अब भी है। ऐसे में प्रशासन का सहयोग करते हुए आयोजन को संपन्न कराया जाना चाहिए। इस पर रामलीला समिति की ओर से संरक्षक रोशन लाल ऊमर वैश्य ने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी सूक्ष्म रूप से भरत मिलाप की परंपरा निभाई जाएगी। राम दल, भरत दल, हनुमान दल और लव कुश दल, यही चार प्रमुख दल रात 11 बजे के बाद निकलेंगे। अध्यक्ष श्याम शंकर सिंह ने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि इनके साथ सीमित संख्या में चौकियां होंगी। सभी दलों और चौकियों के पदाधिकारी सैनिटाइजर और मास्क से लैस रहेंगे। दूरी बनाकर चौकियों का प्रदर्शन होगा और फिर भरत मिलाप कराया जाएगा। बैठक में मंत्री विपिन गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनीष गुप्ता के साथ ही अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रामलीला मैदान में लगने लगे झूले
दशहरा का मेला संपन्न कराने के लिए तैयारी हो रही है। नगर के रामलीला मैदान में झूले लग रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा खुले मैदान में मेले के आयोजन की अनुमति दिए जाने के बाद तैयारियों में तेजी नजर आ रही है। नगर पालिका ने मैदान की सफाई भी शुरू करा दी है।