Door to Door Garbage Collection: प्रयागराज के आधे शहर में डीटीडीसी को एजेंसी चयनित होगी, 20 अक्टूबर को होगा टेंडर
Door to Door Garbage Collection प्रयागराज में घरों से कूड़ा कलेक्शन के लिए एक एजेंसी पलायन कर गई है जबकि एक काम कर रही है। इससे आधे शहर में कूड़ा कलेक्शन प्रभावित हो गया है। इसके लिए अब एक नई एजेंसी के चयन के लिए टेंडर निकाला गया है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज के आधे शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन (डीटीडीसी) करने के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया नगर निगम ने शुरू कर दी गई। एजेंसी चयन के लिए विगत शनिवार को टेंडर (निविदा) निकाला जा चुका है। टेंडर 20 अक्टूबर को खुलेगा। इसके बाद चयनित एजेंसी को 40 वार्डों में डीटीडीसी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वार्डों के घरों से कूड़ा उठना शुरू हो जाएगा तो लोगों की परेशानी भी दूर हो जाएगी। उन्हें कूड़ा फेंकने के लिए इधर-उधर स्थान नहीं ढूंढना पड़ेगा।
दो में से एक एजेंसी भाग गई है
प्रयागराज में शहरी क्षेत्र के 80 वार्डों में डीटीटीसी के लिए नगर निगम की ओर से दिसंबर 2020 में दो एजेंसियां चयनित की गई थीं। दोनों एजेंसियों को 40-40 वार्डों में घरों से कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी दी गई थी। एक एजेंसी प्रयागराज लायन सर्विसेज की ओर से 40 वार्डों में डीटीडीसी की जा रही है। हालांकि दूसरी एजेंसी प्रयागराज एसडब्ल्यूएम प्राइवेट लिमिटेड की कार्यशैली अच्छी न होने के कारण उसे आठ महीने में ही भागना पड़ा। एजेंसी 31 अगस्त को पलायन कर गई थी।
40 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन प्रभावित है
हालांकि, निगम ने एजेंसी से करार खत्म करने का आदेश आठ सितंबर को जारी किया था। एजेंसी के भाग जाने के बाद निगम द्वारा 40 वार्डों में घरों से कूड़ा कलेक्शन कराने का निर्णय लिया गया। इससे कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता बोले
अब एजेंसी चयन के लिए फिर से टेंडर निकाला गया है। इस बार उसी एजेंसी का चयन किया जाएगा, जिसे 10 लाख की आबादी वाले शहर में घरों से कूड़ा कलेक्शन का अनुभव होगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि एजेंसी चयन के लिए टेंडर निकाला गया है।