अयोध्या के विकास में विरोध की परवाह नहीं : केशव
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण का विवाद सर्वोच्च न्यायालय मे
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण का विवाद सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन अयोध्या के विकास का मामला न्यायालय के विचाराधीन नहीं है। अयोध्या के विकास, सरयू मैया के निर्मल प्रवाह, भगवान श्रीराम के संग्रहालय और श्रीराम सर्किट के निर्माण का काम प्रदेश सरकार तेजी से करेगी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से यह बातें कही। कहा कि अयोध्या दीपोत्सव के साथ विकास का काम आरंभ हो चुका है। अगर इसका कोई विरोध करता है तो हमें उसकी परवाह नहीं है। अयोध्या में हुए दीपोत्सव कार्यक्रम में सभी धर्मो के कलाकारों ने प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया। यह सामाजिक सौहार्द्र का प्रतीक भी है। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करके नगर निगम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि हमें बूथ की मजबूती पर विशेष ध्यान देना होगा। अगर हर बूथ मजबूत रहेगा तो जीत स्वत: हो जाएगी। कोई भी तैयारी हवा-हवाई नहीं, जमीनी स्तर पर होनी चाहिए। हर कार्य व अभियान के परिणामों की व्यापक समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां हमारे लिए अहम है। हमें दोनों सरकारों की जनहित की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। महानगर अध्यक्ष अवधेशचंद्र गुप्त ने बीते दिनों चले अभियान व भावी योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।