पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेकर बाग-बाग हुए दिव्यांग विवेक, संजोया है खास लम्हा Prayagraj News
दिव्यांग विवेक मणि त्रिपाठी को स्मार्ट मोबाइल फोन देने के बाद का लम्हा कुछ खास रहा। उन्हें खुश देख पीएम मोदी ने उनके साथ सेल्फी की डिमांड भी कर दी।
प्रयागराज, रजनीश मिश्र। मंच पर पीएम और पीएम के सामने वह। रोमांच और अद्भुत क्षण को यूं तो विवेक देख तो नहीं सके लेकिन महसूस जरूर कर लिया। पीएम मोदी ने उन्हें स्मार्ट मोबाइल फोन दिया तो खुशी और बढ़ गई। इसी बीच देश और दुनिया में धाक जमाने वाले मोदी विवेक से सेल्फी लेने की बात कही तो यह क्षण विवेक के लिए यादगार बन गया।
पीएम मोदी ने विवेक को दिया स्मार्ट मोबाइल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को प्रयागराज शहर में थे। वह संगम क्षेत्र के परेड मैदान में दिव्यांगों और वृद्धों का सम्मान और उन्हें उपकरण दे रहे थे। इस दौरान मंच पर 10 लोगों को प्रधानमंत्री ने उपकरण दिए। वहीं दिव्यांग विवेक मणि त्रिपाठी को स्मार्ट मोबाइल फोन देने के बाद का लम्हा कुछ खास रहा। विवेक को मोबाइल मिला तो वह फूले नहीं समाए। यह देखकर पीएम ने उनसे कहा कि इस स्मार्ट मोबाइल फोन एक सेल्फी तो बनती है दोस्त। इस पर विवेक ने तुरंत मोबाइल फोन निकाला और पीएम के साथ सेल्फी लेकर इस पल को हमेशा के लिए संजो लिया।
दृष्टिबाधित होने के बाद भी वह मोबाइल धड़ल्ले से चलाते हैं विवेक
शहर के लिए सिविल लाइंस विवेक मणि त्रिपाठी के पिता इंद्रमणि त्रिपाठी शिक्षक हैं। विवेक बचपन से दृष्टिबाधित हैं। हालांकि उनमें प्रतिभा कूट-कूटकर भरी है। जो हर किसी के लिए प्रेरणादायक है। 19 साल के विवेक डीएड की पढ़ाई कर रहे हैं। दृष्टिबाधित होने के बाद भी वह मोबाइल धड़ल्ले से चलाते हैं। उन्होंने अपने मोबाइल में टॉकबैक एप डाउनलोड किया है, जिससे अपना काम कर लेते हैं। वह दृष्टिबाधित साथियों को इसका ज्ञान देते हैं। वह मोबाइल पर अपनी पढ़ाई भी कर लेते हैं।
बोले विवेक, यह उनके जीवन की एक उपलब्धि है
शनिवार को प्रधानमंत्री के हाथों स्मार्ट मोबाइल फोन मिलने के बाद विवेक की खुशी का ठिकाना नहीं है। वह फूले नहीं समा रहे हैं। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद ही विवेक से मिले हुए मोबाइल फोन से साथ में एक सेल्फी लेने की बात कही तो खुशी दोगुनी हो गई। प्रधानमंत्री से यह सम्मान पाने से विवेक खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। वह कहते हैं कि यह पल भले ही देख नहीं सके हैं, लेकिन इसे महसूस जरूर किया है। यह हमारे ही नहीं सभी दृष्टिबाधित साथियों के लिए गौरव का पल है। वह इस सेल्फी को जीवन भर संजो के रखेंगे। यह उनके जीवन की एक उपलब्धि है।
सोशल मीडिया पर भी छा गई विवेक की पीएम संग सेल्फी
परेड मैदान पर शनिवार दिव्यांग विवेक मणि त्रिपाठी की पीएम संग सेल्फी सोशल मीडिया पर भी छाई रही। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों ट्विटर, फेसबुक, वाट्सएप पर यह सेल्फी खूब लाइक करने के साथ ही वायरल हो रही है।
बीजेपी के ट्विटर अकाउंट पर भी यह सेल्फी
भारतीय जनता पार्टी के ट्विटर अकाउंट पर कार्यक्रम के कुछ मिनट बाद ही विवेक और पीएम की सेल्फी का वीडियो पोस्ट किया गया। पोस्ट अपडेट होते ही इस पर कमेंट, लाइक, री-ट्वीट, किया जाने लगा। एक घंटे में ही इस वीडियो को 12 हजार लोगों ने देखा, जबकि 61 ने कमेंट किया, 735 ने री-ट्वीट, पांच हजार से अधिक लोगों ने लाइक किया है। लगातार इस वीडियो को देखने, लाइक, कमेंट करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।
सीएम योगी ने भी किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परेड मैदान पर सामाजिक अधिकारिता के शिविर में आयोजित भव्य कार्यक्रम का वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें प्रधानमंत्री ने दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को निश्शुल्क उपकरण वितरण किया है। इस वीडियो को ट्वीट करने के दो घंटे के अंदर ही लगभग 13 हजार लोगों ने देखा और 15 सौ अधिक लोगों ने री-ट्वीट किया। जबकि सात हजार से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं। 294 लोगों ने कमेंट किया है।