अनोखा विवाह मंडप, पंडितजी ने किया मंत्रोच्चार तो मौलवी ने कराया निकाह Prayagraj News
परिणय सूत्र में बंधने वाले 19 जोड़ों में एक जोड़ा दिव्यांग था। वह दोनों ह्वील चेयर पर आए थे। तीन फीट के धर्मेंद्र व दो फीट की धनलक्ष्मी भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रयागराज, जेएनएन। इसे आप चाहे सामाजिक समरसता कह लें या फिर संस्कार और या फिर आपसी सामंजस्य को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम। जी हां, राजर्षि टंडन सेवा केंद्र परिसर में भी कुछ अनोखा ही नजर आया। यहां एक ओर ब्राह्मण मंत्रों का उच्चारण कर रहे थे तो दूसरी ओर मौलवी रस्म अदा करवा रहे थे। आयोजन था सामूहिक विवाह समारोह का। इसमें हिंदू रीति से शादी कराई गई तो मुस्लिम रीति से निकाह संपन्न कराया गया। सभी जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा और इसके गवाह सैकड़ों लोग बने।
दिव्यांग जोड़ी ने सात जन्मों तक साथ रहने की खाई कसम
स्वराज विकलांग (दिव्यांग) सेवा समिति की ओर से आयोजित इस आयोजन को नाम दिया गया दिव्यांग स्वाभिमान सम्मान पुनर्वास एवं सामूहिक विवाह समारोह का। इस अनूठे समारोह में एक खूबसूरती और भी थी। परिणय सूत्र में बंधने वाले कुल 19 जोड़ों में दिव्यांग गीता व देवी दयाल भी थे। वह दोनों ह्वील चेयर पर आए थे। उन्होंने हंसी-खुशी माहौल के बीच ह्वील चेयर पर ही बैठकर एक-दूसरे को जयमाल पहनाई, सात फेरे लिए। फिर दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा। इस अनोखे पल को उनके अपने व करीबी लोगों ने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
तीन फीट के धर्मेंद्र व दो फीट की धनलक्ष्मी भी आकर्षण का केंद्र रहीं
सामूहिक विवाह समारोह में राजापुर के रहने वाले करीब तीन फीट के धर्मेंद्र कुमार और तेलियरगंज की रहने वाली करीब दो फीट की धनलक्ष्मी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। उन दोनों ने भी विवाह के बंधन में बंधे।
बरात में हाथी-घोड़े व बग्घी भी
समारोह स्थल पर सभी दूल्हे बैंक रोड से हाथी-घोड़े व बग्घी पर सवार होकर पहुंचे। यहां उनकी आरती उतारी गई और मंडप में शादी कराई गई। सभी को उपहार में चलित दुकान दी गई। दिव्यांग जोड़ों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी दिया गया। शादी के मंत्र श्रीप्रकाश (छोटे महराज) ने पढ़े तो निकाह इमाम मो. इदरीश रजा मिसबाही ने कराया। मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति नीरज तिवारी, न्यायमूर्ति अरुण कुमार टंडन व राजकुमार चोपड़ा मौजूद रहे। समारोह में अमित कुमार सिंह, वीके मित्तल, डॉ. यूबी यादव, डॉ. शैलेंद्र मिश्र, बृजेश मिश्र, आरके राजू, श्रीनारायण यादव आदि उपस्थित थे।
विधि छात्रा जरीना ने किया निकाह
करछना तहसील के रामपुर की जरीना विधि की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने डांडी केमो. इमाम के साथ निकाह किया। जरीना सिविल सर्विसेज की तैयारी करना चाहती हैं।