प्रतापगढ़ में इस बात को लेकर प्रधान और ग्रामीणों में मतभेद, जानिए क्या है वजह
शौचालय का रंग रोगन होते हुए अचानक ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गांव के कमलापति मिश्र दान पाल सिंह वीरेंद्र सिंह सुरेश मिश्र सुकमेंद्र मिश्र दिलीप सिंह चौहान आदि का कहना है कि शौचालय के रंग रोगन में तिरंगे के रंग का प्रयोग अनुचित है।
प्रतापगढ़,जेएनएन। जिले के ब्लाक सांगीपुर अंतर्गत राजापुर गांव में बना सामुदायिक शौचालय ग्रामीणों के आक्रोश का कारण बना है। वहीं ग्राम प्रधान भी सामने ताल ठोंक कर खड़े हैं। वह इसे देश के सम्मान से जोड़ते हुए अशोक चक्र भी शौचालय के ऊपर बनवाने की कही है।
ग्रामीण बोले, तिरंगे रंग प्रयाेग अनुचित
वहीं, ग्रामीणों ने शौचालय के रंग रोगन में तिरंगे के रंग के प्रयोग को हटाने की मांग करते हुए अफसरों से शिकायत की है। गांव में सामुदायिक शौचालय बनाए जाने के तहत सांगीपुर ब्लाक के राजापुर ग्राम प्रधान ने गांव किनारे जमीन का चयन कराकर शौचालय का निर्माण कराया। रंगरोगन होने के बाद करीब सप्ताह भर पूर्व शौचालय बनकर तैयार हुआ। शौचालय का रंग रोगन होते हुए अचानक ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गांव के कमलापति मिश्र, दान पाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुरेश मिश्र, सुकमेंद्र मिश्र, दिलीप सिंह चौहान आदि का कहना है कि शौचालय के रंग रोगन में तिरंगे के रंग का प्रयोग अनुचित है। यह तिरंगे का ही नहीं, अपितु देश का भी अपमान है। इसकी शिकायत करने के बाद भी प्रधान शौचालय से तिरंगे के रंग को हटाने को तैयार नही हैं।
हम अपने देश तिरंगा कहीं भी लगवा सकते हैं -ग्राम प्रधान
आक्रोशित ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से किए जाने को बात कही है। इस मामले में प्रधान दिलीप कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि हम अपने देश के तिरंगा को कहीं भी लगवा सकते हैं। किसी के आदेश पर नहीं बल्कि स्वेच्छा से रंग रोगन कराया है। अभी ऊपर अशोक चक्र का निशान भी बनवाएंगे।