उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने टू-लेन पुल का किया शिलान्यास, प्रयागराज में टोंस नदी पर बनेगा पुल
उप मुख्यंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने नारीबारी स्थित टोंस नदी पर टू-लेन पुल का विधिवत भूमि पूजन किया। फिर उन्होंने पुल का शिलान्यास किया। इसके बाद सभा स्थल पर पहुंचे। सभास्थल पर कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का रविवार को प्रयागराज आगमन हुआ। उन्होंने भूमि पूजन करके टू-लेन पुल का शिलान्यास किया। यह पुल जनपद के नारीबारी में बनेगा। नारीबारी के कौंधी गऊघाट पुल के पास शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बारा और कोरांव व मेजा को जोड़ने वाला यह पुल 718 मीटर लंबा होगा। इस पुल के बनने में 63 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकाप्टर को उतरने के लिए हेलीपैड भी बनाया गया था। हेलीपैड पर रविवार की दोपहर में डिप्टी सीएम का हेलीकाप्टर उतरा। वहां फूलपुर की सांसद केसरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्द्धन बाजपेयी समेत अन्य भाजपा नेताओं ने डिप्टी सीएम केशव का स्वागत किया। इसके बाद केशव मौर्य ने टोंस नदी पर बनने वाले टू-लेन पुल का विधिवत भूमि पूजन किया। फिर उन्होंने पुल का शिलान्यास किया। इसके बाद सभा स्थल पर पहुंचे। सभास्थल पर कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उप मुख्यमंत्री ने कई सड़कों का भी लोकार्पण किया।
टू-लेन पुल के बनने के बाद रीवा ओर सतना के लोग भी कम दूरी तय करके कोरांव और मेजा जा सकेंगे। स्थानीय लोग काफी समय से यहां पुल बनाने की मांग कर रहे थे। वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस अवसर पर कई सड़कों का भी लोकार्पण किया। ये सड़कें लोक निर्माण विभाग ने बनवाई है। ये सड़कें मेजा, कोरांव ओर बारा इलाके में हैं।