Move to Jagran APP

उप मुख्‍यमंत्री केशव मौर्य बोले- सत्‍ता के मोह में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी का गठबंधन हुआ

डिप्‍टी सीएम केशव मौर्य प्रयागराज के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बाला साहब ठाकरे का मैं और पूरा देश सम्मान करता है। यदि वह जिंदा होते तो कांग्रेस एनसीपी और शिवसेना का गठबंधन हो ही नहीं सकता था।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Published: Sat, 25 Jun 2022 05:26 PM (IST)Updated: Sat, 25 Jun 2022 05:26 PM (IST)
उप मुख्‍यमंत्री केशव मौर्य बोले- सत्‍ता के मोह में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी का गठबंधन हुआ
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में महाराष्‍ट्र की राजनीति पर विचार व्‍यक्‍त किए।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी के उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में कहा कि देश में कहीं भी गैर भाजपाई दलों के बीच रार होती है तो उसका ठीकरा भाजपा पर फोड़ा जाता है। यही महाराष्ट्र में हो रहा है। वहां शिवसेना का कांग्रेस और एनसीपी के साथ जो समझौता हुआ था वह परस्पर विरोधी विचारों के बीच था। यही वजह है कि आज बगावत हुई। इसका भाजपा से कोई लेना देना नहीं है। यह शिवसेना और महाराष्ट्र का आंतरिक मामला है।

loksabha election banner

केशव बोले, बाला साहब ठाकरे का सभी सम्‍मान करते है : डिप्‍टी सीएम केशव मौर्य शनिवार को प्रयागराज पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि बाला साहब ठाकरे का मैं और पूरा देश सम्मान करता है। यदि वह जिंदा होते तो कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना का गठबंधन हो ही नहीं सकता था। यदि उन्हें गठबंधन करना था तो साथ में चुनाव लड़ना चाहिए था। जो गठबंधन अभी दिख रहा है वह सत्ता के लोभ में कुर्सी के लिए किया गया। उपमुख्यमंत्री ने आजमगढ़ और रामपुर में हुए उपचुनाव में जीत का भी दावा किया।

राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने वालों का किया स्वागत : उप मुख्यमंत्री केशव ने बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का स्वागत किया। कहा, अब तक कहीं से भी एनडीए उम्मीदवार का विरोध नहीं हुआ है। द्रौपदी मुर्मू गरीब और आदिवासी परिवार से संबंध रखती हैं। उन्होंने देश और समाज की जो सेवा की है वह ऐतिहासिक है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को उनका समर्थन करना चाहिए।

कांग्रेस की तरफ से लोकतंत्र की बात शोभा नहीं देती : उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में कांग्रेस को निशाने पर लिया। बोले कि कांग्रेस की तरफ से जब लोकतंत्र की बात की जाती है तो शोभा नहीं देता। यही दल है जिसने आपातकाल लगाया। लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन किया। भाजपा देश और प्रदेश की जनता को जगाने का प्रयास कर रही है। 25 जून 1975 का दिन आजादी के बाद लोकतंत्र के लिए काला दिन है।

सपा, बसपा पर भी केशव ने निशाना साधा : करीब दो महीने बाद प्रयागराज आए उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य का भाजपाइयों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने पुष्पगुच्छ, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने भगवान जगन्नाथ का चित्र भेंट किया। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान मेरा सम्मान है। संगठन के किसी भी सिपाही के सम्मान पर आंच नहीं आने दूंगा। इस दौरान उन्होंने सपा और बसपा को आड़े हाथों लिया। बोले, प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस और बसपा का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। समाजवादी पार्टी अब समाप्त वादी पार्टी होने की कगार पर है। प्रयागराज भाजपा का गढ़ है, था और रहेगा।

अशोक स्‍तंभ के सुंदरीकरण को सौंपा ज्ञापन : शहर के मुट्ठीगंज स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पार्क में स्थापित अशोक स्तंभ के सुंदरीकरण व प्रयागराज में विरासते खालसा नाम से संग्रहालय बनाने व सिख बोर्ड का गठन करने के लिए ज्ञापन सरदार पतविंदर सिंह ने दिया। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, कुमार नारायण, कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, कुंदन यादव, वरुण केसरवानी, शशि वार्ष्णेय, सुबोध सिंह आदि मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.