प्रतापगढ़: जनवासे से निकली बरात तभी पटाखे से भरे झोले में हो गया धमाका, दूल्हे के जीजा की मौत
एक चिंगारी दूल्हे के जीजा कमलेश निवासी भुवन का पुरवा थाना जेठवारा के पास जाकर गिरी। संजोग से वहीं पर पटाखे का झोला भी रखा हुआ था। चिंगारी उस में गिरने से झोले में विस्फोट हो गया। और उसी से दूल्हे का जीजा कमलेश बुरी तरह से झुलस गया।
प्रयागराज, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में आतिशबाजी के दौरान हुए हादसे ने बरात की खुशी को काफूर कर दिया। दरअसल, बरात जनवासे से निकली तो बराती डीजे की धुन पर नाचते-झूमते चल रहे थे। इस दौरान आतिशबाजी हो रही थी। अचानक पटाखा जला रहे युवक पर एक चिंगारी गिरी और उसके कपड़े जलने लगे। वह बुझाने लगा। इस आपाधापी में एक चिंगारी पटाखा भरे झोले में जा गिरी। इससे तेज धमाका हुआ और बगल में खड़े दूल्हे के जीजा गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
अंतू थाना क्षेत्र के रामनगर तिवारी पुर निवासी बृजलाल यादव की पुत्री निशा की शादी थाना क्षेत्र के पूरे रामदेव गौराडांड गांव निवासी मथुरा प्रसाद यादव के बेटे घनश्याम यादव के साथ तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार की रात रामनगर बारात आई हुई थी। द्वार पूजा के समय बाराती डांस भी कर रहे थे। इस दौरान एक युवक आतिशबाजी के साथ पटाखे भी जला रहा था। इसी दौरान अचानक एक चिंगारी उसके कपड़े में पकड़ ली। वह उसे छुड़ाने का प्रयास ही कर रहा था कि उसके हाथ से निकली एक चिंगारी दूल्हे के जीजा कमलेश (35) निवासी भुवन का पुरवा थाना जेठवारा के पास जाकर गिरी।
संजोग से वहीं पर पटाखे का झोला भी रखा हुआ था। चिंगारी उस में गिरने से झोले में विस्फोट हो गया। और उसी से दूल्हे का जीजा कमलेश बुरी तरह से झुलस गया। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग कमलेश को लेकर जिला हॉस्पिटल प्रतापगढ़ के लिए भागे, परंतु बीच रास्ते में ही उनकी सांसे थम गई। लोग उन्हें लेकर घर चले गए। दूसरी तरफ घटना से बराती भी जैसे तैसे अपने घर चले गए।
किसी तरह पूरी हुई शादी की रस्म, दुल्हन की नहीं हुई विदाई
दूल्हे पक्ष के कुछ चुनिंदा लोग ही वहां रुके और रात भर किसी तरीके से शादी की रस्म पूरी हो सकी। हालांकि सुबह लड़की की आम सहमति के बाद विदाई नहीं हुई ।बाद में माहौल ठीक होने पर विदाई की बात कही गई। घटना से दोनों पक्ष में कोहराम मच गया है। लोगों के बीच चर्चा होती रही। कमलेश ट्रक ड्राइवर है। उसके एक बेटी और एक बेटा है।