प्रयागराज में यमुना नदी में मिला शव व्यवसायी का था, खुदकशी या फिर हुई हत्या...पता लगा रही पुलिस
कीडगंज के इंस्पेक्टर रोशनलाल का कहना है कि संभवत युवक ने यमुना पुल से नदी में छलांग लगाकर जान दी है। क्योंकि उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। फिलहाल शव के पोस्टमार्टम के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उसकी मौत कैसे हुई।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर में मिले शव की पहचान हो चुकी है। कीडगंज थाना क्षेत्र के सरस्वती घाट के पास यमुना नदी में एक युवक का शव उतराता मिला था। जानकारी होने पर कुछ लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और युवक की पहचान की। वह सत्यांश केसरवानी (25) पुत्र संजय केसरवानी मुट्ठीगंज थाना के कटघर का रहने वाला था। सत्यांश ने खुदकशी की या फिर उसके साथ कोई हादसा हुआ, इसकी छानबीन पुलिस कर रही है।
सरस्वती घाट पर यमुना नदी में मिला था शव
सरस्वती घाट पर यमुना नदी के किनारे शनिवार की शाम को लोगों ने युवक का शव देखा। सूचना पर पहुंची कीडगंज पुलिस शव को नदी से बाहर निकलवाया। उसके शरीर पर पैंट व कमीज थी। उसके कपड़े की तलाशी ली गई। हालांकि ऐसी कोई वस्तु नहीं उसके पास से नहीं मिली जिससे उसकी पहचान हो सकती थी। पुलिस ने इसकी जानकारी जिले के सभी थाने में दी। जानकारी हुई तो सत्यांश केसरवानी के परिवार के लोग मुट्ठीगंज थाने पहुंचे।
मसाले का कारोबार करते थे सत्यांश
परिवार के लोगों ने बताया कि सत्यांश मसाले के कारोबारी थे। शनिवार की सुबह वह घर से निकले थे लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटे। पुलिस को सत्यांश के हुलिए के बारे में बताया गया तो यमुना नदी में मिले शव को लेकर मौजूद लोगों को जानकारी दी गई। इसके बाद सभी कीडगंज थाने गए और सिपाही के साथ देर रात पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां शव की पहचान सत्यांश के रूप में की।
इंस्पेक्टर कीडगंज ने यह कहा
कीडगंज के इंस्पेक्टर रोशनलाल का कहना है कि संभवत: युवक ने यमुना पुल से नदी में छलांग लगाकर जान दी है। क्योंकि उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। फिलहाल शव के पोस्टमार्टम के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उसकी मौत कैसे हुई।