Kumbh mela 2019 : दंडी संन्यासी बोले, हिंदुत्व का एजेंडा लागू करे सरकार
कुंम भेला क्षेत्र में सनातन धर्म की चुनौतियों पर आयोजित चरखी दादरी शिविर में गोष्ठी हुई। इसमें संतों ने सरकार से हिंदू एजेंडा लागू करने की मांग की।
कुंभ नगर : दंडी स्वामी नगर स्थित चरखी दादरी शिविर में सनातन धर्म के सामने व्याप्त चुनौतियां विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान दंडी संन्यासियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए हिंदुत्व का एजेंडा लागू करने की पुरजोर मांग उठाई।
गंगा-यमुना में प्रदूषण से आस्था पर ठेस : स्वामी महेशाश्रम
गोष्ठी के मुख्य वक्ता जगदगुरु स्वामी महेशाश्रम ने कहा कि गंगा-यमुना के प्रदूषित होने के कारण हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंच रही है। सरकार गंगा और यमुना नदियों को प्रदूषण मुक्त करने की बात तो करती है लेकिन अपेक्षा के अनुरूप परिणाम सामने नहीं आ रहा है, जो चिंताजनक है।
सनातन धर्म को बचाना होगा : स्वामी मुनीषाश्रम
जगदगुरु स्वामी मुनीषाश्रम ने कहा कहा कि गाय, गंगा, यमुना व गायत्री सनातन धर्म को हर हाल में बचाना होगा। अखिल भारतीय दंडी संन्यासी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष स्वामी विमलदेव ने कहा कि मोदी व योगी सरकार संतों की अपेक्षा में मात्र 50 फीसद ही खरी उतरी है।
इसाई मिशनरी हमारी संस्कृति को तबाह कर रहीं : स्वामी ब्रह्माश्रम
संयोजक एवं समिति के महामंत्री स्वामी ब्रह्मश्रम ने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा देने के नाम पर इसाई मिशनरी हमारी संस्कृति को तबाह कर रहे हैं। मिशनरी शिक्षा पर पूरी तरह से पाबंदी लगाकर देशभर में वैदिक शिक्षा नीति लागू करने की जरूरत है। ऐसा करके ही भारत का उत्थान किया जा सकता है। उन्होंने पूरे देश में गोहत्या पर पाबंदी लगाने की भी मांग की। स्वामी शंकराश्रम ने कहा कि हम चाहते हैं कि सरकार हिंदुत्व के एजेंडे को लागू करे। इस दौरान सवा सौ दंडी संन्यासियों का सम्मान करके प्रसाद ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम में लालेश्वर आश्रम, प्रणवानंद, नीरज स्वरूप, शास्त्री स्वामी, ज्ञानेश्वर आश्रम, रामेश्वर आश्रम मौजूद रहे।