प्रयागराज में हाई कोर्ट ब्रिज के जोड़ में दरार, एक्सटेंशन ज्वाइाट टूटने से हादसे की आशंका
जीटी रोड पर हाई कोर्ट के ऊपर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर है। पिछले दिनों राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द प्रयागराज आए थे। तब इस ब्रिज की रंगाई पुताई कराई गई थी। इस ब्रिज का एक्सटेंशन ज्वाइंट टूट गया है। इससे हादसे की आशंका बन गई है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज शहर में हाई कोर्ट के निकट बने ब्रिज का एक्सटेंशन ज्वाइंट टूट गया है। इसे हाई कोर्ट ब्रिज के नाम से जाना जाता है। ज्वाइंट पर बनी आरसीसी सड़क टूटकर काली सड़क से अलग हो गई है। इसके टूटने से कभी भी हादसा हो सकता है। पिछले दिनों ही इस ज्वाइंट को रिपेयर किया गया था। महीने भर में इसके उखड़ने से उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगा है। फिलहाल जल्द इसको फिर से रिपेयर न किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता हैं।
हाई कोर्ट के ऊपर डेढ़ किमी लंबा फ्लाईओवर है
जीटी रोड पर हाई कोर्ट के ऊपर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर है। पिछले दिनों राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द प्रयागराज आए थे। तब इस ब्रिज की रंगाई पुताई कराई गई थी। जहां-जहां ब्रिज की सड़क उखड़ी थी, उसे रिपेयर भी किया गया था। रिपेयर भले ही अब उखड़ने लगे हो लेकिन उस दौरान इसे चमका दिया गया था।
पुल के टूटे एक्सटेंशन ज्वाइंट को सेतु निगम ने रिपेयर कराया था
पिछले महीने पुल की दोनों लेन के कुछ एक्सटेंशन ज्वाइंट टूट गए थे। उसे सेतु निगम की ओर से रिपेयर किया गया। हालांकि अब चौफटका से सिविल लाइंस की तरफ जाने वाली लेन का एक एक्सटेंशन ज्वाइंन टूट गया है। इस रोड पर हैवी ट्रैफिक है। लगातार बड़े वाहनों के गुजरने से वह टूटता जा रहा है। यह जोड पिलर के ऊपर है। जोड़ में थोड़ी दरार छोड़ी जाती है। दरार पर लोहे के एंगिल लगाकर करीब दो फिट तक चौड़ा आरसीसी ज्वाइंट बना है। यही आरसीसी ज्वाइंट टूट गया है। वह टूटकर लोहे के एंगिल और काली सड़क से अलग हो गया है।
सेतु निगम के चीफ इंजीनियर ने यह कहा
सेतु निगम के चीफ इंजीनियर आरके सिंह का कहना है कि करीब महीने भर पहले ब्रिज के एक्सटेंशन ज्वाइंट को रिपेयर करवाया गया था। अगर अब कोई ज्वाइंट टूटा है तो उसे ठीक कराया जाएगा। फिलहाल इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।