थरवई में दंपती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या Prayagraj News
अपने दो मासूम बेटों के साथ दंपती गांव के किनारे स्थित खेत में मकान बनवाकर रहते थे। रात में धारदार हथियार से पति-पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मासूम बेटे सकुशल हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। थरवई थाना क्षेत्र के हसनपुर कोरारी गांव में रविवार की रात दंपती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह दोनों घर के बरामदे में सो रहे थे। वारदात को अंजाम देते समय हत्यारों ने दंपती के पास सो रहे दो मासूमों पर वार नहीं किया। सुबह उनके रोने की आवाज पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर हत्या के पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों ने किसी के खिलाफ अभी तहरीर नहीं दी है।
गांव के किनारे खेत में बने घर में रहते थे दंपती
हसनपुर कोरारी गांव के किनारे खेत में मकान बनाकर संतोष कुमार प्रजापति 30 पुत्र स्व. शोभा व उसकी पत्नी सीमा देवी 28 रहते थे। उनके दो बेटे नितिन 10 माह और साहिल 3 वर्ष हैं। रविवार की रात दंपती खाना खाकर बच्चों के साथ घर के आंगन के पास बने बरामदे में सो रहे थे। संतोष के दोनों बेटे साहिल और नितिन भी साथ में सो रहे थे।
घर के बरामदे में खून से सना मिला शव, दोनों मासूम बेटे सुरक्षित
सुबह गांव के लोग शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान संतोष के घर का दरवाजा खुला देखा और उसके दोनों बेटों के रोने की आवाज सुनी। इस पर गांव की महिला दुक्खन पास गई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। देखा कि संतोष और सीमा की खून से सना शव पड़ा था। दोनों बेटों को खरोंच तक नहीं आई थी। महिला ने शोर मचाया तो लोग भागते हुए वारदात स्थल की ओर आए।
हत्या की वजह नहीं पता चल सकी है
इसी बीच ग्रामीणों द्वारा दोहरे हत्या की सूचना पाकर थरवई थानाध्यक्ष कुलदीप तिवारी मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक बड़ी संख्या में गांव के लोग जुट गए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेजा। वहीं जांच-पडताल के बाद हत्या की वजह पुलिस तलाश रही है। उधर दोहरे हत्याकांड से जहां परिजन गमगीन हैं वहीं गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल अभी तक हत्या की वजह नहीं पता चल सकी है। न ही परिजन कुछ बता पाने की स्थिति में हैं।