भ्रष्टाचार निवारण टीम ने नगर पंचायत का लिपिक को रिश्वत लेते पकड़ा Prayagraj News
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के नाम पर एक व्यक्ति से रिश्वत लेते हुए नगर पंचायत चायल का कर्मचारी पकड़ा गया। उसे भ्रष्टाचार निवारण की कानपुर टीम ने पकड़ा। केस दर्ज हुआ है।
प्रयागराज, जेएनएन। नगर पंचायत चायल, कौशांबी में तैनात लिपिक को भ्रष्टाचार निवारण की कानपुर टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया गया है। आरोपित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का लाभ दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 10 हजार की रिश्वत ले रहा था। उसकी शिकायत पर बुधवार को टीम नगर पंचायत कार्यालय में पहुंची थी।
पीएम शहरी आवास योजना में आवास आवंटन में रिश्वत मांगी थी
चायल नगर पंचायत निवासी मोहम्मद हनीफ उर्फ कल्लू आर्थिक रूप से कमजोर है। उसके पास रहने के लिए आवास नहीं था। उसने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन किया था। नगर पंचायत में तैनात लिपिक देवानंद पुत्र रोशनलाल निवासी कृष्णा नगर चायल ने कल्लू से 10 हजार की रिश्वत मांग रहा था। बिना सुविधा शुल्क के आवास योजना का लाभ देने से इनकार कर रहा था।
भुक्तभोगी ने भ्रष्टाचार निवारण कानपुर इकाई से शिकायत की थी
रिश्वत मांगने की शिकायत पहले कल्लू ने अधिकारियों से की थी। उनके निर्देश को भी लिपिक ने दरकिनार कर दिया। इस पर कल्लू ने भ्रष्टाचार निवारण की कानपुर इकाई से संपर्क किया। बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे जैसे ही कार्यालय खुला। प्रभारी निरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण शंभूनाथ तिवारी, टीम व कल्लू के साथ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिपिक को 10 हजार की रिश्वत दी। जैसे ही लिपिक ने रुपये पकड़ा टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार कर आरोपित के खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में मुकदमा दर्ज कराया
प्रभारी निरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण ने लिपिक खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर पीके ङ्क्षसह ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण की टीम ने लिपिक को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद टीम उसे अपने साथ लेकर चली गई है।