Coronavirus effect : कौशांबी में खिलाड़ी 158 दिन बाद आज से मैदान पर उतरेंगे
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा खेल गतिविधियों शुरू करने के लिए जो पत्र सभी खेल विभाग को जारी किया है। उसमें विभागीय प्रशिक्षकों (क्रीड़ाधिकारी उप क्रीड़ाधिकारी सहायक क्रीड़ाधिकारी) द्वारा अपने खेल से संबंधित प्रशिक्षिण शिविर को एक अक्टूबर से संचालित करने का निर्देश दिया गया है।
कौशांबी,जेएनएन। कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलने के कारण खिलाड़ी 26 मार्च से प्रैक्टिस नहीं कर पा रहे थे। खेल की सभी गतिविधियों को रोक लगा दी गई थी। एक अक्टूबर से ऑनलॉक-5 शुरू होने जा रहा है तो अब खेल की गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी। स्टेडियम में गुरुवार को धावक जहां ट्रैक पर दौड़ लगाएंगे, लंबी छलांग लगाएंगे, हेमर थ्रो करेंगे, वहीं बॉक्सर अपने मुक्के के दम को फिर परखेंगे। एक अक्टूबर से दो गेम की प्रैक्टिस शुरू हो रही है। बाद में अन्य खेल की प्रैक्टिस चालू होगी।
दोआबा के एथलीटों ने अंतरराष्ट्रीय फलक पर बिखेरी है अपनी चमक
दोआबा के एथलीटों ने राज्यस्तरीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी चमक बिखेरी है। कोरोना कॉल में प्रैक्टिस बंद होने पर धावक अपने घर पर ही हल्का अभ्यास कर रहे थे, लेकिन इससे उनकी प्रैक्टिस पूरी नहीं हो पा रही थी। खिलाड़ी इसको लेकर काफी परेशान थे। ऑनलॉक-4 में काफी चीजों को खोल की राहत दी गई थी, लेकिन खेल की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा हुआ था, जो 30 सितंबर को समाप्त हो गया। पिछले साल तक स्टेडियम में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, हॉकी, फुटबॉल का प्रशिक्षण खिलाडिय़ों को दिया जाता था।
कोविड-19 गाइड लाइन के अनुसार खिलाडिय़ों की प्रैक्टिस होगी शुरू
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा खेल गतिविधियों शुरू करने के लिए जो पत्र सभी खेल विभाग को जारी किया है। उसमें विभागीय प्रशिक्षकों (क्रीड़ाधिकारी, उप क्रीड़ाधिकारी, सहायक क्रीड़ाधिकारी) द्वारा अपने खेल से संबंधित प्रशिक्षिण शिविर को एक अक्टूबर से संचालित करने का निर्देश दिया गया है। इसलिए अभी स्टेडियम में एथलेटिक्स और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण शुरू होगा। बाद में दूसरे खेलों का कैंप लगेगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी रुस्तम खां ने बताया कि खेल निदेशालय उप्र के निदेशक आरपी सिंह ने एक अक्टूबर से स्टेडियम में खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने का पत्र जारी किया गया है। कोविड-19 मारामारी की गाइड लाइन के अनुसार खिलाडिय़ों की जांच करने पर उन्हें प्रैक्टिस करने की जाएगी। अभी एथलेटिक्स और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण शुरू होगा। दूसरे कोच आने पर अन्य स्पर्धा के बारे में विचार किया जाएगा।
100 से ज्यादा खिलाड़ी स्टेडियम में करते हैं अभ्यास
स्टेडियम में विभिन्न स्पर्धा के 100 से ज्यादा खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। नियमित रूप से 80 से 90 खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। कोरोना कॉल के कारण यह सभी खिलाड़ी परेशान हो रहे थे। अब खिलाडिय़ों को प्रैक्टिस में दिक्कत नहीं होगी। जल्द ही वह अपनी पुरानी तय और ताल को हासिल कर लेंगे। दोआबा के कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो जल्द ही राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए तैयार हैं। बस अभ्यास शुरू होने की देर है।