पीएम-सीएम पर टिप्पणी कर फंसीं पूर्व विधायक विजमा यादव
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में सपा की पूर्व विधायक विजमा यादव के खिलाफ सोरांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इलाहाबाद (जेएनएन)। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में सपा की पूर्व विधायक विजमा यादव के खिलाफ सोरांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा कार्यसमिति के सदस्य सुरेंद्र चौधरी व ब्लाक प्रमुख मऊआइमा सुधीर मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की।
9 मार्च को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की चुनावी जनसभा फाफामऊ में हुई थी। भाजपा नेता सुरेंद्र चौधरी व सुधीर मौर्य ने बताया कि जनसभा के मंच से पूर्व विधायक विजमा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए देश व प्रदेश का अपमान किया था। चुनाव समाप्त होते ही सोमवार को दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वह दोनों सोरांव थाने पहुंचे और पूर्व विधायक विजमा यादव के खिलाफ तहरीर दी। दारोगा सुशील कुमार ने उच्चाधिकारियों से बातकर तहरीर ली। सुधीर मौर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।