बूंदाबांदी से फिर बढ़ गई ठंड, अगले कुछ दिनों तक खराब रह सकता है मौसम Prayagraj News
मौसम का हाल इन दिनों लोगों की समझ से परे है। कभी आसमान साफ और गर्मी तो कभी सर्द हवा के साथ रिमझिम बारिश ने परेशान कर रखा है।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम ने अपने मिजाज में लगातार बदलाव शुरू कर दिया है। कभी गर्मी कभी सर्द हवा से लोग संशय में हैं कि अगले दिन क्या होगा। मकर संक्रांति से ही वातावरण में लोगों ने गर्मी का एहसास किया जबकि गुरुवार को अचानक बादल छा गए और लगा कि अब बूंदाबांदी हो सकती है। रात से रिमझिम फुहार भी शुरू हो गई, जो शुक्रवार की सुबह तक रुक-रुककर होती रही। इससे एक बार फिर ठंड का वर्चस्व वातावरण में कायम हो गया है। अभी कुछ दिनों तक ऐसे ही मौसम के बने रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों ने बारिश की आशंका जताई थी
मौसम विशेषज्ञों ने मामूली बारिश के आसार जताए थे। गुरुवार को दिन भर आसमान में बादलों का वर्चस्व रहा। रात में बारिश भी हुई। शुक्रवार की सुबह भी रुक-रुककर रिमझिम फुहार ने ठंड बढ़ा दी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 18.9 और न्यूनतम 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खराब मौसम में फ्लाइट सेवा भी प्रभावित
कोहरे के चलते विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। सबसे ज्यादा असर दिल्ली और कोलकाता की फ्लाइट पर पड़ रहा है। गुरुवार को दिल्ली की फ्लाइट तीन घंटे देरी से आई। गुरुवार की पहली फ्लाइट 9:45 बजे रायपुर जानी थी लेकिन कोलकाता से देरी से आने के चलते यह फ्लाइट एक घंटे विलंब से रवाना हुई। कोलकाता की फ्लाइट एक घंटे देरी से रवाना हुई। दिल्ली की इंडिगो फ्लाइट भी विलंबित रही। एयर इंडिया की दिल्ली की फ्लाइट व मुंबई की फ्लाइट भी प्रभावित रही। बंगलुरु की फ्लाइट सयम से गई।
ट्रेनों के संचालन पर भी असर
कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। संगम एक्सप्रेस, दिल्ली-अलीपुरद्वार महानंदा एक्सप्रेस, दिल्ली गया महाबोधि एक्सप्रेस, अहमदाबाद पटना अजीमाबाद एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, झांसी-इलाहाबाद पैसेंजर, बीकानेर-कोलकाता एक्सप्रेस के अलावा कई अन्य ट्रेनें भी लेटलतीफी का शिकार हो रही हैं।
स्कूलाें में 1 से 5 तक शिक्षण कार्य आज बंद रहेगा
जिलाधिकारी प्रयागराज के निर्देशानुसार अधिक ठंड के कारण आज यानी शुक्रवार को कक्षा 1 से 5 तक के समस्त विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि बच्चों का अवकाश रहेगा। सभी खंड शिक्षा अधिकारी इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही समस्त विद्यालयों को तत्काल सूचित करने का कष्ट करें। हालांकि यह आदेश तब जारी हुआ जब अधिकांश बच्चे स्कूल जा चुके थे और पढ़ाई भी शुरू हो चुकी थी।
शीतलहर एवं ठंड के चलते कक्षा 8 तक के स्कूल 2 दिनों के लिए बंद
प्रतापगढ़ जिले में चल रही शीतलहर एवं कड़ाके की ठंड को देखते हुए डीएम मार्कंडेय शाही के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने जिले भर के सभी बोर्डों के नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यालयों को शुक्रवार व शनिवार को बंद रखने का निर्देश दिया है। इस अवधि में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा शिक्षक, शिक्षिकाएं स्कूल जाएंगे।