सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे प्रतापगढ़, कैबिनेट मंत्री के पिता को दी श्रद्धांजलि
सीएम योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ पहुंचे। उन्होंने कैबिनेट मंत्री मोती सिंह के पिता को श्रद्धांजलि दी।
प्रतापगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रतापगढ़ आए। उन्होंने कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के सदर बाजार स्थित आवास पहुंचकर उनके पिता भारत सिंह गांधी (पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका) के निधन पर संवेदना व्यक्त की।
दिन में करीब पौने तीन बजे मंत्री के आवास पहुंचे। सीएम योगी ने मंत्री के पिता भारत सिंह गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहां करीब 10 मिनट तक रहे। मंत्री मोती सिंह को सांत्वना दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंत्री के भाई बड़ेलाल सिंह, पुत्र नंदन सिंह, भतीजे प्रदीप सिंह बाले समेत घर के लोगों से भी बात की। संवेदना व्यक्त की।
ग्राम्य विकास व स्वास्थ्य राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. महेंद्र सिंह ने भी भारत सिंह गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। विधायक सदर संगम लाल गुप्ता, विश्वनाथगंज डा. आरके वर्मा, रानीगंज धीरज ओझा, पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ल, हरि प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, संतोष दुबे, ओम प्रकाश त्रिपाठी, मदन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि दिनेश शर्मा, मोती सिंह के मीडिया प्रभारी विनोद पांडेय, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश अवस्थी, पंकज सिंह, नागेंद्र पाल, डीएम शंभु कुमार, एसपी एस आनंद आदि मौजूद रहे।
खुद लगाया सीट बेल्ट
सीएम योगी यातायात नियमों का पूरा पालन करते दिखे। वह हेलीपैड से कार पर बैठे तो सीट बेल्ट स्वयं ही लगाया। मंत्री के घर से जाने लगे तो भी उन्होंने वैसा ही किया।
राजनीतिक बयान से बचते रहे योगी
सीएम योगी प्रतापगढ़ के संक्षिप्त दौरे में राजनीतिक बयान देने से बचते रहे। वह शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे और केवल वही किया। वह मंत्री के आवास पर मौजूद मीडिया कर्मियों से मुखातिब नहीं हुए।