सीएम योगी आदित्यनाथ सात सितंबर को प्रतापगढ़ आएंगे, तैयारी जोरों पर Prayagraj News
सीएम योगी आदित्यनाथ सात सितंबर को प्रतापगढ़ का दौरा करेंगे। इसके लिए तैयारी जोरों पर चल रही है। राजकीय इंटर कॉलेज में सभा के लिए पंडाल बनाया जा रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात सितंबर को प्रतापगढ़ का दौरा करेंगे। वह कहां-कहां जाएंगे, क्या देखेंगे यह तो अभी तय नहीं है, पर अफसरों ने सीएम के आगमन की तैयारी शुरू करा दी है। सरकारी विभागों को चमकाया जा रहा है और वहां सभी वस्तुएं व्यवस्थित की जा रही है।
ऑल इज ओके करने की अधिकारी कर रहे तैयारी
विकास भवन का रंग-रोगन हो रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जहां बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है। वहीं पर राजकीय इंटर कालेज में बच्चों के पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है। खराब पड़े दो हैंडपंपों में से एक को ठीक करा दिया गया दूसरे का रीबोर कराया जा रहा है। स्कूल का कंप्यूटर वर्ष 2014 में निर्वाचन कार्यालय ले गया था। कई बार पत्र लिखने के बाद भी उसे नहीं लौटाया गया।
जीआइसी में कार्य की देखरेख की जिम्मेदारी डॉयट प्राचार्य पर
प्रधानाचार्य राजकुमार ङ्क्षसह ने जब इस मामले को डीएम के सामने रखा तो डीएम के निर्देश पर उसे फौरन लौटा दिया। पूरे विद्यालय का रंगरोगन कराया जा रहा है। परिसर की साफ-सफाई जोरों से चल रही है। पार्क को दुरुस्त करा दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का परिसर भी लकदक हो गया है। झाड़ हटाकर परिसर को साफ सुथरा कर दिया गया है। जीआइसी में कार्य की देखरेख के लिए जिलाधिकारी ने डायट प्राचार्य मुहम्मद इब्राहिम को जिम्मेदारी सौंपी है। मंगलवार को भी डायट प्राचार्य यहां पहुंचे और चल रही तैयारियों का जायजा लिया।