धान की धीमी खरीद पर सीएम नाराज, डीएम ने अफसरों के कसे पेंच
जिले में 84 धान क्रय केंद्र खोले गए हैं। इनमें 187 मीट्रिक टन धान की खरीद ही हो पाई है। धान खरीद की धीमी प्रगति पर सीएम नाराज हैं।
प्रयागराज : जिले में धान खरीद की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई है। उनके निर्देश पर शासन से अधिकारियों की एक टीम जिले में आई है। यह टीम जिले के अधिकारियों के साथ धान क्रय केंद्रों का जायजा ले रही है।
जिले में एक नवंबर से धान खरीद की शुरुआत हुई है। इस साल धान खरीद का लक्ष्य एक लाख 81 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। जिले में 84 धान क्रय केंद्र खोले जा चुके हैं लेकिन अब तक 187 मीट्रिक टन धान की ही खरीद हो सकी है। इस पर मुख्यमंत्री की ओर से नाराजगी जताई गई तो शासन स्तर से अधिकारियों की टीम भेजी गई। लखनऊ से आई अफसरों की टीम ने डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह के साथ कई क्रय केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान अफसरों को पता चला है कि जो केंद्र खुले भी हैं उनमें से कई केंद्रों पर अभी तक धान की खरीद ही नहीं शुरू हुई है। इसकी वजह खाद्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही है। इस पर डीएम सुहास एलवाई ने आरएफसी और डिप्टी आरएमओ को चेतावनी देते हुए धान खरीद की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अफसरों का कहना है कि नवंबर माह के पहले सप्ताह में हड़ताल के कारण खरीद की प्रगति धीमी रही।
राइस मिलर्स का एग्रीमेंट भी नहीं :
राइस मिलर्स का एग्रीमेंट भी अभी नहीं हो सका है। इस पर भी डीएम ने नाराजगी जताई है। अभी तक आठ राइस मिलों का ही एग्रीमेंट हो सका है। जबकि, 48 और मिलों का होना है। वैसे राइस मिलर्स की आज प्रमुख सचिव के साथ लखनऊ में बैठक भी होनी है। मिलर्स की कई मांगें है। इसके बाद ही वे एग्रीमेंट करना चाहते हैं।