प्रयागराज में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण के क्लर्क ने फांसी लगाकर दी जान
चौकी इंचार्ज राजरूपपुर भानुचंद्र का कहना है कि मौके पर तो कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर वाले भी आत्महत्या के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज,जेएनएऩ। जिले में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के क्लर्क भोलानाथ भट्टाचार्य (48) ने फांसी लगाकर जान दे दी। घरवालों ने उन्हें फांसी के फंदे पर झूलते देखा तो पुलिस को सूचना दी। आत्महत्या करने का कारण साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धूमनगंज के राजरूपपुर मोहल्ले में परिवार समेत रहते थे
धूमनगंज थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी राजरूपपुर मोहल्ले में भोलानाथ अपनी पत्नी मीनाक्षी और दो बच्चों के साथ रहते थे। मंगलवार रात सभी लोग खाना खाने के बाद मकान की छत पर सोने के लिए चले गए। सुबह पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने देखा भोलानाथ छत पर नहीं थे। नीचे जाकर कमरे में देखा लेकिन भोलानाथ नहीं कहीं नजर आए। कुछ देर बाद उन्होंने किचन का दरवाजा खोला तो भोलानाथ गमछे का फंदा बनाकर पंखे के चुल्ले से लटक रहे थे। यह नजारा देखकर पत्नी बिलख पड़ी।
भोलानाथ की मौत से घर में मचा है कोहराम
रोने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और पड़ोसी आ गए। भोलानाथ को फांसी के फंदे पर लटकते देख सभी सन्न रह गए। खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन की।
वजह स्पष्ट नहीं, घरवाले भी कुछ नहीं बता पा रहे, नहीं मिला सुसाइड नोट
चौकी इंचार्ज राजरूपपुर भानुचंद्र का कहना है कि मौके पर तो कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घर वाले भी आत्महत्या के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर भोला नाथ की मौत से पत्नी और बच्चे रोते बिलखते रहे। उनकी आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे।