जानें मौसम का हाल, मौनी अमावस्या तक नहीं मिलने वाली है ठंड से राहत Prayagraj News
आसमान पिछले दो दिनों से साफ नजर आ रहा है और धूप भी खिल रही है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि ऐसे में वातावरण में घना कोहरा छाया रहेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। आसमान साफ होने से दिन में धूप निकल रही है। इसके चलते अधिकतम तापमान भी बढ़ गया है। हालांकि सर्द हवाओं के कारण रात का पारा लुढ़का है। कोहरे के भी बढऩे के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों की मानें तो मौनी अमावस्या के बाद पारा चढऩे लगेगा।
सर्द हवा व आसमान पर बादलों की आवाजाही भी रही
मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला पिछले कई दिनों से चल रहा है। आसमान से बादलों के हवा हो जाने से सोमवार से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को सुबह से ही चटक धूप रही। एक दो बार बादल आए जरूर, पर वह चंद क्षण ही टिक सके। धूप का असर था कि 10 किमी की रफ्तार से चली सर्द हवा भी अपना असर नहीं डाल सकी। इससे दिन में लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। पार्कों में भी खासी चहल-पहल रही। धूप निकलने के कारण शहरियों का रुझान माघ मेले की तरफ भी दिखाई दिया। हालांकि, शाम होते ही गलन ने फिर जोर पकड़ लिया। वहीं बुधवार की सुबह गलन भरी ठंड ने लोगों को परेशान किया।
धूप खिली तो अधिकतम पारा चढ़ा, न्यूनतम में दर्ज की गई गिरावट
सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम पारा 0.8 डिग्री बढ़कर 19.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। जबकि न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री नीचे गिरकर 6.5 डिग्री पर आ गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 18.8 और न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम आद्र्रता 100 और न्यूनतम 50 फीसद रही। बुधवार की सुबह भी आसमान पर बादल नहीं दिखे लेकिन ठंड का काफी असर रहा। मौसम विभाग की मानें तो मौनी अमावस्या के बाद आसमान एकदम साफ हो जाएगा, जिससे पारा तेजी से चढ़ेगा।
कोहरे को नहीं भेद सकी वंदे भारत
मंगलवार को घना कोहरा होने के कारण देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के पहियों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वंदे भारत एक्सप्रेस को नई दिल्ली से इलाहाबाद जंक्शन पहुंचने में साढ़े आठ घंटे से ज्यादा समय लग गया। ट्रेन दो घंटे 38 मिनट विलंब से स्टेशन पर पहुंची। प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस सुबह की बजाए दोपहर में आईं। संगम एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-मंडुवाडीह एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्री ट्रेन में बैठे-बैठे परेशान हो गए। नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस इलाहबाद जंक्शन पर दोपहर में 12:08 बजे आती है। सोमवार को घना कोहरा होने के कारण छह घंटे में इलाहाबाद जंक्शन पहुंचने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस आठ घंटे 38 मिनट में दोपहर में 2:38 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंचीं। सुबह 6:20 बजे और 7:15 बजे आने वाली हमसफर एक्सप्रेस और प्रयागराज एक्सप्रेस दोपहर में क्रमश: 12:56 बजे और 2:02 बजे आई।
यह ट्रेनें भी हुईं विलंबित
हमसफर एक्सप्रेस छह घंटे 36 मिनट और प्रयागराज एक्सप्रेस छह घंटे 47 मिनट विलंब से आई। रीवा एक्सप्रेस का जंक्शन पर पहुंचने का समय सुबह 6:40 बजे है। ट्रेन सात घंटे 58 मिनट लेट दोपहर में 2:38 बजे आई। संगम एक्सप्रेस सुबह 8:35 बजे जंक्शन पर आती है। ट्रेन दोपहर में 1:25 बजे पहुंची। छह घंटे 50 मिनट लेट। नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे पांच मिनट, सीमांचल एक्सप्रेस दो घंटे 40 मिनट, जयपुर एक्सप्रेस चार घंटे 31 मिनट, नार्थ ईस्ट दो घंटे 57 मिनट, नई दिल्ली-मंडुवाडीह एक्सप्रेस सात घंटे 48 मिनट, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सात घंटे 27 मिनट, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 12 घंटे दो मिनट विलंब से आई।