Gandhi Jayanti 2019 : भाजपा सांसदों ने निकाली महात्मा गांधी संकल्प यात्रा, बताई सरकार की उपलब्धि Prayagraj News
गांधी जयंती को प्रयागराज के बाशिंदे समारोह पूर्वक मना रहे हैं। कहीं कार्यक्रम शुरू हो गया है तो कहीं शुरू होने वाला है। सांसदों ने संकल्प यात्रा निकाली और सरकार की उपलब्धि बताई।
प्रयागराज, जेएनएन। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को जनपद में विविध आयोजन होंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रपिता काे याद किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा सांसदों ने महात्मा गांधी संकल्प पदयात्रा निकाली। फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल ने बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरुआत की। इलाहाबाद की सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने नैनी में रामलीला मैदान से पदयात्रा निकाली। इस दौरान सांसदों ने जनता की समस्याएं सुनीं। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी बताई।
जंक्शन पर गांधी वीथिका का लोकार्पण आज
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से कई मुहल्लों में स्वच्छता सेवा अभियान चलाया गया। वहीं इलाहाबाद जंक्शन पर बापू की वीथिका का लोकार्पण होगा। वीथिका में गांधीजी के जीवन से जुड़ी फोटो के साथ उनकी अंतिम यात्रा की तस्वीरें होंगी। स्टेशन बिल्डिंग में प्रवेश करने पर एक तरफ इलाहाबाद मंडल की धरोहर और दूसरी तरफ उद्भव की तस्वीरें दिखाई देंगी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक बुधवार शाम को जंक्शन पर वीथिका का लोकार्पण करेंगे।
वीथिका में दांडी यात्रा से लेकर अन्य आंदोलन की यादें संजोई गई है
इलाहाबाद जंक्शन पर गांधी जी की जो वीथिका बनाई गई है। उसमें पांच तस्वीरें दांडी यात्रा से लेकर अन्य आंदोलन की लगाई गई हैं। सिटी साइड से स्टेशन परिसर में प्रवेश करने पर बाईं तरह इलाहाबाद मंडल की धरोहरों की तस्वीरें रहेंगी। उसमें प्रमुख रूप से नैनी का यमुना ब्रिज है। दाईं तरफ मंडल का उद्भव दिखाई देगा। 12 स्टेशनों की बिल्डिंग, वंदे भारत एक्सप्रेस की तस्वीर भी होगी।
डाकघर में लगी गांधी डाक टिकट प्रदर्शनी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के क्रम में डाक विभाग फिलैटलिक ब्यूरो की ओर से गांधी डाक टिकट प्रदर्शनी लगाई गई। यह प्रदर्शनी चार अक्टूबर तक चलेगी। डाकघर में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति पंकज मित्तल ने किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को याद करने का यह बेहतर तरीका है। इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर संजय डी अखाड़े, फिलैटलिक ब्यूरो इंचार्ज राजेश वर्मा, डॉ. मनीष बंसल, एम गुलरेज, अशोक मित्तल, उमेन्द्र कुमार जैन, अनिल अग्रवाल, रिसादुल इस्लाम, हमजा, मोहम्मद सारिक, आदित्य सिंह, जय ज्योति घोष, संजय तलवार, कुशाग्र अग्रवाल, राहुल गांगुली आदि मौजूद रहे।
गांधी-शास्त्री जयंती पर आज होने वाले कार्यक्रम
-इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कला संकाय में श्रमदान, स्वच्छता अभियान और नुक्कड़ नाटक सुबह 09:00 बजे से।
-पीपीएस रिटायर्ड ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से स्वच्छता अभियान पीडी टंडन पार्क के पास सुबह नौ बजे से।
-मेडिकल कॉलेज स्थित शास्त्री प्रतिमा पर माल्यापर्ण व श्रद्धांजलि सभा सुबह 9:30 बजे से।
-कायस्थ पाठशाला की ओर से मेडिकल कॉलेज चौराहा पर लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोह सुबह 9.30 बजे से।
-मयूर रंगमंच की ओर नाटक 'गांधी के सपनों का भारत' का मंचन बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर दिन में 11 बजे से।
-श्री चित्रगुप्त वंशज सभा की ओर से महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर केपी इंटर कॉलेज सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम दोपहर एक बजे से।
-जिला अपराध निरोधक समिति की ओर से गांधीजी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम प्रयाग संगीत समिति में दिन में दो बजे से।
- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जानसेनगंज स्थित कार्यालय में स्मृति सभा दोपहर तीन बजे से।
-हिंदुस्तानी एकेडेमी में 'गांधी का ग्राम स्वराज: संभावना एवं विकल्प' विषय पर संगोष्ठी शाम चार बजे से।
-प्रधान डाकघर में डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन शाम 5:30 बजे से।