CAA गांधी के वचन को सम्मान व श्रद्धांजलि देता है, विपक्ष भ्रम फैला रहा Prayagraj News
महात्मा गांधी ने कहा था कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू और सिख भारत आ सकते हैं। यदि वे वहां निवास नहीं करना चाहते हैं तो उनके जीवन को सामान्य बनाना भारत सरकार का कर्तव्य है।
प्रयागराज, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से हुई सात मंडलों की बैठक में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सीएए गांधी के वचन को सम्मान और श्रद्धांजलि है। विपक्ष नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के बारे में भ्रम फैला रहा है। कानून की बारीकियों से आमजन को परिचय कराया जाना आवश्यक है।
शिवकुटी मंडल की बैठक में निवर्तमान उपाध्यक्ष बोले
शिवकुटी मंडल की बैठक में निवर्तमान उपाध्यक्ष राजू पाठक ने कहा कि 26 सितंबर 1947 को महात्मा गांधी ने कहा था कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू और सिख भारत आ सकते हैं। यदि वे वहां निवास नहीं करना चाहते हैं तो उसी स्थिति में उन्हें नौकरी देना और उनके जीवन को सामान्य बनाना भारत सरकार का पहला कर्तव्य है, जिसे मोदी सरकार ने बखूबी पूरा कर गांधी के वचन को सम्मान देते हुए सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। वेणी माधव मंडल की बैठक में निवर्तमान महामंत्री श्यामचंद ने कहा कि जो लोग विरोध कर रहे हैं वह यह बताएं कि जब विभाजन हुआ था तो वहां जो अल्पसंख्यक थे, उन्हें आसमान खा गया कि धरती निगल गई।
बोले मीडिया प्रभारी
मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि बैठकों में कार्यक्रम अनुसार सेक्टर प्रमुख का दायित्व सौंपा और उन्हें पत्रक एवं साहित्य भी उपलब्ध कराया गया। बैठक में शशि वाष्र्णेय, भोला तिवारी, देवेश सिंह, राजेश निषाद, राजेश पाठक, अंजनी सिंह, पीयूष सिंह, अंजलि गोस्वामी, भरत निषाद मौजूद रहे।
नागरिक संशोधन कानून को लेकर जनजागरण अभियान
भारतीय जनता पार्टी यमुनापार के कार्यकर्ताओं ने मेवालाल की बगिया के समीप नागरिक संशोधन कानून को लेकर जनजागरण अभियान का आयोजन किया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री अमरनाथ यादव ने कहा कि मायावती को समझना चाहिए पाकिस्तान अफ गानिस्तान और बांग्लादेश से सबसे ज्यादा शरणार्थियों में दलित यहां आए थे।
विपक्षी पार्टियां राजनीति बचाने के लिए साजिश कर रही : अमरनाथ यादव
क्षेत्रीय महामंत्री अमरनाथ यादव ने कहा कि विपक्षी पार्टियां राजनीति बचाने के लिए साजिश कर रही हैं। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यमुनापार विभवनाथ भारतीय और संचालन जिला मीडिया प्रभारी संतोष त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जनजागरण जिला प्रमुख प्रकाश शुक्ल प्रचंड, रामनवल पटेल, शिवदत्त पटेल, नरेंद्र देव पांडेय, विभूति नारायण सिंह, राघवेन्द्र मिश्रा, प्रदेश महिला आयोग सदस्य अनीता सिंह,सांसद प्रतिनिधि अभिषेक शुक्ला, पियूष रंजन निषाद, सविता त्रिपाठी, मनोरमा पांडेय आदि मौजूद रहे।