व्यापारियों ने Deputy CM केशव मौर्य से कहा, लॉकडाउन में हो रहा नुकसान Prayagraj News
केशव प्रसाद मौर्य ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में व्यापारियों से कहा कि प्रयागराज को औद्योगिक क्षेत्र एवं व्यापारिक हब के रूप में विकसित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के व्यापारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने इस दौरान उन्हें लॉकडाउन से हो रहे नुकसान तथा अन्य समस्याओं से अवगत कराया। डिप्टी सीएम ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज को औद्योगिक क्षेत्र एवं व्यापारिक हब के रूप में विकसित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
प्रवासी कामगारों से मिलीं सांसद केसरी देवी
अलोपीबाग स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल संस्थान के निकट बने प्रवासी श्रमिकों के सहायतार्थ शिविर का उद्घाटन फूलपुर सांसद केसरी देवी पटेल ने किया। प्रवासी श्रमिकों से भेंट कर उनका कुशल क्षेम पूछा। उन्हेंं बिस्कुट, शीतल जल, चाय पिलाकर, भोजन पैकेट एवं मास्क देकर उनके गंतव्य स्थान को रवाना किया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश अध्यक्ष ने जाना हाल
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिलाध्यक्ष यमुनापर विभवनाथ भारती से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने यमुनापार का हाल जाना।
सांसद ने वितरित किया खाद्यान्न पैकेट
सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने जरूरतमंदों के लिए खाद्यान्न पैकेट का वितरण कराया। इस अवसर पर पूरन चंद्र जोशी, अभिषेक शुक्ला, संत प्रसाद पांडेय, मंजेश वैश्य, अरुण तिवारी, वंशपति सिंह भी मौजूद रहे।