प्रयागराज में यमुना नदी में डूबने से कारोबारी की मौत, दो दोस्त बचा लिए गए
यमुना नदी में स्नान के दौरान तीनों दोस्त गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। नाविकों ने आशीष व अजय को बचा लिया लेकिन विक्की का कुछ पता न चला। मशक्कत के बाद उसका शव बरामद हुआ।
प्रयागराज, जेएनएन। दोस्तों के साथ यमुना में स्नान करने गए 28 वर्षीय विक्की साहू पुत्र लालचंद की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। वहीं नाविकों ने विक्की के दो दोस्तों को बचा लिया, वह भी डूब रहे थे। घटना शनिवार शाम को कीडगंज थाना क्षेत्र के मौज गिरी घाट पर हुई। देर रात तक गोताखाेरों ने जाल डालकर विक्की का शव बरामद कर लिया।
किराना कारोबारी था कीडगंज का रहने वाला विक्की
कीडगंज निवासी विक्की साहू घर में ही किराना की दुकान चलाता था। शनिवार की शाम करीब छह बजे वह बैरहना में रहने वाले अपने दोस्त आशीष और अजय के साथ यमुना में स्नान करने मौज गिरि घाट गया था। तीनों नहाते वक्त गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार सुन कर वहां मौजूद नाविक पानी में कूद पड़े और आशीष व अजय को बचा लिया लेकिन विक्की का कुछ पता न चला।
देर रात गोताखोरों ने जाल डालकर शव ढूंढा
विक्की के डूबने की खबर पर कीडगंज थाने की पुलिस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों के जरिए खोजबीन शुरू कराई। हालांकि विक्की का पता नहीं चला। तब पुलिस ने यमुना में जाल डलवाया। देर रात विक्की का शव मिल गया। घाट पर मौजूद उसके परिवार के सदस्यों में मातम छा गया और दोस्त भी गमजदा हो गए। विक्की की शादी नहीं हुई थी।
बोले इंस्पेक्टर कीडगंज
इस संबंध में इंस्पेक्टर कीडगंज शिशुपाल शर्मा का कहना है कि विक्की के दोस्त आशीष की मोबाइल की दुकान है। वहीं अजय कैश वैन का ड्राइवर है। उन्होंने बताया कि हादसे में विक्की की मौत हुई जबकि उसके दोस्तों को बचा लिया गया है।